बच्चों के साथ थियेटर करना बेहद कठिन : रुचिता चौधरी


DECEMBER 15, 2020
मदर सेवा संस्थान की 16वीं वर्षगांठ मनी
लखनऊ (वि.)। सोमवार को मदर सेवा संस्थान ने अपनी 16वीं वर्षगांठ मनाई। इस अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित हुए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डिप्टी कमिश्नर (महिला सुरक्षा) रुचिता चौधरी ने कहा कि बच्चों के साथ थियेटर करना रोचक तो है लेकिन बेहद कठिन भी है। उन्होंने संस्थान की तारीफ करते हुए कहा कि 16 साल के सफर में आपने समाज और बच्चों में रंग-चेतना के जो बीज बोये हैं, वो काबिलेतारीफ है। उन्होंने शुभकामना देते हुए कहा कि आप जब अपना 25वां स्थापना दिवस बनाएं तो पूरे प्रदेश में मदर सेवा संस्थान का चबूतरा थिएटर पाठशाला स्थापित करें।

(मदर सेवा संस्थान की 16वीं वर्षगांठ के मौके पर प्रतिभागियों को पुरस्कृत करतीं मुख्य अतिथि रुचिता चौधरी और संस्थान के सचिव महेश चंद्र देवा (ऊपर)। चबूतरा थियेटर द्वारा खेले गए नाटक को दर्शकों ने खूब सराहा (नीचे)।) फोटो सौजन्य-मदर सेवा संस्थान।
कार्यक्रम डालीगंज स्थित रविदास पार्क, नेहरू नगर में नाटक और गीत- संगीत के साथ मना। इस मौके पर मनकामेश्वर वार्ड के पूर्व पार्षद रणजीत सिंह ने कहा कि मदर सेवा संस्थान का कार्य बहुत ही सराहनीय है। अपने कार्यों से वह इन बच्चों का नाम पूरे देश में रौशन कर रहा है।
चबूतरा थिएटर के बच्चों ने लैंगिक समानता पर आधारित नाटक का मंचन किया। मोहम्मद अमन द्वारा लिखित एवं निर्देशित नाटक ”कम नहीं है हम” का मंचन भी किया गया। इसमें सोनाली वाल्मिकी, नीलिमा चौधरी, स्नेहा गौतम, शिखा वाल्मिकी, खुशी गौतम, नैंसी वाल्मीकि, मो.अमन, मो. सैफ़, मो. आरिफ, आर्यन चौधरी, जितेंद्र शर्मा, हर्ष गौतम, मोनू गौतम, लकी गौतम आदि ने किरदार निभाया।
नाटक को सरकार की “मिशन शक्ति” योजना के अंतर्गत चबूतरा थिएटर के बच्चों ने शानदार तरीके से प्रस्तुत किया।
मदर सेवा संस्थान की अध्यक्ष किरनलता ने संस्थान के सफर पर विस्तार से रोशनी डाली। फिल्म अभिनेता व संस्थान के सचिव महेश चंद देवा ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में संरक्षक हरिश्चंद्र, डा. ऋचा आर्या, विजयलक्ष्मी गुप्ता, आरती श्रीवास्तव, सुरेश सुदर्शन, सनी वाल्मिकी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।




