इन्फोटेनमेन्ट

‘जॉली एलएलबी 3’ पर संकट: अक्षय कुमार और अरशद वारसी को पुणे कोर्ट का समन, वकीलों ने जताई आपत्ति

Lucknow Focus News Desk: बॉलीवुड फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ कानूनी मुश्किलों में फंसती नजर आ रही है। फिल्म के मुख्य अभिनेता अक्षय कुमार और अरशद वारसी के साथ-साथ मेकर्स को भी पुणे कोर्ट ने समन भेजा है। यह समन उन आरोपों के बाद जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि फिल्म में न्यायपालिका और वकीलों के पेशे का अपमान किया गया है। अब मुंबई में भी फिल्म के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।

वकीलों ने क्यों किया विरोध?

मुंबई के वकील फिल्म में वकीलों को जिस तरह से दिखाया गया है, उससे काफी नाराज हैं। उनका कहना है कि फिल्म में कानून, अदालत और वकीलों का अपमान किया गया है। बॉम्बे हाईकोर्ट के वकील आशीष राय और पंकज मिश्रा ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने फिल्म को दोबारा सेंसर करने और उसकी रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं ने कहा कि फिल्म के टीजर में वकीलों को जोकर की तरह आपस में लड़ते हुए दिखाया गया है, जिससे अदालत की गरिमा को ठेस पहुंचती है। उनका आरोप है कि यह वकीलों का सीधा-सीधा अपमान है।

पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने भी इसी तरह की याचिका दायर की थी। उन्होंने कहा था कि फिल्म में एक वकील जज को “मामु” कहकर बुलाता है, जो कोर्ट का सीधा अपमान है। पुणे कोर्ट ने अक्षय कुमार और अरशद वारसी को 28 नवंबर को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है।

Related Articles

Back to top button