उत्तर प्रदेशलखनऊ

जेपी चाहते थे, सरकारें संवैधानिक दायरे में रहें – बृजेश पाठक

लखनऊ फोकस ब्यूरो

लखनऊ। लोकनायक जयप्रकाश नारायण के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर 10 अक्टूबर को एक गोष्ठी का आयोजन के  सी जैन (एडवोकेट नेता प्रवक्ता भाजपा व अध्यक्ष जेपी वाहिनी) के द्वारा गोमती नगर स्थित संगीत नाटक अकादमी में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मौजूद रहे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बृजेन्द्र पाल सिंह लोक भारती, सर्वेश चंद्र द्विवेदी कार्यकारी निदेशक राष्ट्र धर्म पत्रिका, विशिष्ट अतिथि  लालजी निर्मल (विधान परिषद सदस्य), बाल संरक्षण आयोग की सदस्य अनीता अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक पांडे आदि उपस्थित रहे।

गोष्ठी का प्रारंभ लोकनायक जयप्रकाश नारायण के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि कर एवं गणमान्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम के आयोजक जेपी वाहिनी के अध्यक्ष केसी जैन ने मंच पर उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया।

लोकनायक जयप्रकाश नारायण की संपूर्ण क्रांति एवं भारत की संवैधानिक व्यवस्था विषय पर गोष्ठी में बतौर  मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने अपने विचार रखते हुए कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण संपूर्ण क्रांति के पक्षधर थे। वह चाहते थे कि सरकारें संवैधानिक दायरे में रहकर काम करें। भारत की संवैधानिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।

विशिष्ट अतिथि परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह ने कहा कि आज जहां देश में आर्थिक मजबूती आई है वहीं भारत की सैन्य शक्ति को भी विश्व ने देखा है। उन्होंने कहा कि जहां तक भारत की संवैधानिक व्यवस्था की बात है हमारा संविधान इतना मजबूत है, इसकी जड़ें इतनी गहरी हैं और जनमानस को अपने देश की संवैधानिक व्यवस्था पर इतना अधिक भरोसा है कि कोई भी ताकत हमारी संवैधानिक व्यवस्था को खंड-खंड नहीं कर सकती। बृजेन्द्र पाल सिंह ने  कहा कि आज के समय में हमारे पड़ोसी चाहे बांग्लादेश हो चाहे पाकिस्तान हो या अन्य कई देश हों या तो वे युद्ध झेल रहे हैं  या उन पर असंवैधानिक ताकतों ने कब्जा कर रखा है।

इस मौके पर कार्यक्रम के आयोजक केसी जैन ने  कहा कि अगर देश की संवैधानिक व्यवस्था पर जनता का भरोसा बनाए रखना है, तो सबका साथ सबका विकास के साथ हमको आगे बढ़ना होगा और भेदभाव की राजनीति से दूर रहना होगा।

कार्यक्रम के समापन पर भाषण प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी 25 प्रतिभागियों को मोमेंटो और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। साथ ही जीव दया के गौ सेवा के क्षेत्र मे काम करने वालों को भी जेपी वाहिनी के अध्यक्ष ने सम्मानित किया। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने प्रतिवर्ष ऐसे आयोजन के लिए केसी जैन का धन्यवाद किया।

 

Related Articles

Back to top button