उत्तर प्रदेश

Kaushambi News: मिट्टी का टीला ढहने से बड़ा हादसा, पांच की मौत, तीन की हालत नाजुक

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के कोखराज थाना अंतर्गत टीकर डीह गांव में सोमवार सुबह मिट्टी का टीला ढहने से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों में ज्यादातर महिलाएं और किशोरियां शामिल हैं।

घटना सुबह करीब 7 बजे उस समय हुई जब गांव के आठ लोग एक तालाब से मिट्टी निकालने गए थे। मिट्टी खोदते वक्त अचानक एक बड़ा टीला ढह गया और सभी लोग उसके नीचे दब गए। हादसे के तुरंत बाद गांव में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों ने शोर सुनकर बचाव कार्य शुरू किया और मिट्टी हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्यों में सहयोग किया। सभी घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

जहां डॉक्टरों ने ममता देवी (35), ललिता देवी (35), उमा देवी (13), खुशी (15) और कछहरी देवी (70) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मैना देवी (40), सपना (16) और आक्रोश कुमार (35) का इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई पूरी कर रही है। प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मुआवजे और सहायता का भरोसा दिलाया है। यह हादसा ना केवल प्रभावित परिवारों बल्कि पूरे गांव के लिए गहरा सदमा है। घटना के बाद से इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Related Articles

Back to top button