
Lucknow Focus News Desk: दिल्ली के लाल किला के पास हुए कार विस्फोट की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल की एक-एक परत खोलने के लिए एक्शन में हैं। पुलिस ने गिरफ्तार डॉक्टर मुजम्मिल के सहयोगी फैकल्टी मेंबर्स, यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स और मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल सहित 52 से अधिक लोगों से पूछताछ की है। फिलहाल, फरीदाबाद पुलिस छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
‘सुसाइड बॉम्बर’ की आशंका और जांच का दायरा
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, लाल किले के सामने रेड लाइट के आसपास के सीसीटीवी फुटेज में विस्फोट के वक्त कार में सिर्फ एक शख्स मौजूद दिखा था। इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि धमाके के वक्त गाड़ी में सुसाइड बॉम्बर रहा होगा। हालांकि, एक अन्य सूत्र ने यह भी संकेत दिया है कि ब्लास्ट से ठीक पहले गाड़ी से कोई दूसरा शख्स भी उतर गया था।
लखनऊ से डॉक्टर शाहीन का कनेक्शन
इस मामले में गिरफ्तार महिला डॉक्टर शाहीन का कनेक्शन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जुड़ा है। डॉ. शाहीन का परिवार लखनऊ के कंधारी बाजार स्थित मकान नंबर 121 में रहता था।
पारिवारिक बयान
शाहीन के पिता ने पुष्टि की कि शाहीन ने प्रयागराज से मेडिकल की पढ़ाई की है। उन्होंने बताया कि शाहीन काफी समय पहले लखनऊ से चली गई थी और फरीदाबाद में नौकरी करती थी। उनकी शादी महाराष्ट्र के एक शख्स से हुई थी।
भाई पर भी शिकंजा: डॉ. शाहीन का एक भाई परवेज़ भी है, जिसके घर पर मंगलवार सुबह सुरक्षा एजेंसियों ने छापेमारी की थी, जिसका जिक्र पहले ही आ चुका है। डॉ. शाहीन के पिता ने फरीदाबाद और दिल्ली की घटना में बेटी की संलिप्तता के बारे में जानकारी न होने की बात कही है।




