लखनऊ

अन्य चिकित्सा पद्धतियों की भांति ही है एक्यूपंक्चर चिकित्सा: ओम प्रकाश श्रीवास्तव

एपेक्स एक्यूपंक्चर सेंटर एण्ड पेन क्लीनिक में राष्ट्रीय एक्यूपंक्चर दिवस पर लगा मुफ्त स्वास्थ्य शिविर

लखनऊ फोकस रिपोर्टर

लखनऊ। राष्ट्रीय एक्यूपंक्चर दिवस पर एपेक्स एक्यूपंक्चर सेंटर एण्ड पेन क्लीनिक, सेक्टर 8, विकास नगर में निःशुल्क एक्यूपंक्चर परामर्श एवं चिकित्सा शिविर आयोजित हुआ। शिविर का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने भगवान धनवंतरि तथा भारत में एक्यूपंक्चर के प्रवर्तक डॉ. बिजॉय कुमार बसु के चित्र पर माल्यार्पण करके किया।

इस मौके पर अपने संबोधन में ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि एक्यूपंक्चर चिकित्सा पद्धति बहुत प्रभावी चिकित्सा पद्धति है। इसको विश्व स्वास्थ्य संगठन तथा भारत सरकार ने उसी प्रकार स्वतंत्र चिकित्सा पद्धति के रूप में मान्यता प्रदान दी है, जैसे एलोपैथी, आयुर्वेदिक या होम्योपैथी हैं। कई प्रकार के बीमारियों में एक्यूपंक्चर चिकित्सा पद्धति बहुत ही कारगर है। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सा पद्धतियों को इंटीग्रेटेड होकर रोगियों के हित में कार्य करना चाहिए। विधायक ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने एक्यूपंक्चर हॉस्पिटल के वार्डो में जाकर चिकित्सा ले रहे मरीजों से मिलकर उनकी कुशलक्षेम भी पूछी।

एपेक्स एक्यूपंक्चर सेंटर के निदेशक डॉ. जी. पार्थ प्रतिम ने बताया कि शिविर में पंजीकृत मरीजों को परामर्श देने के बाद उनका इलाज एक्यूपंक्चर, इलेक्ट्रो एक्यूपंक्चर, मोक्शबस्शन, हिज़ामा, बीसीएम आदि से किया गया। पंजीकृत मरीजों को अगले तीन दिनों तक निःशुल्क एक्यूपंक्चर चिकित्सा प्रदान की जाएगी। साथ ही सभी मरीजों की निःशुल्क शुगर जांच भी मेडिकेयर डायग्नोस्टिक्स सेंटर के सौजन्य से की जा रही है। डॉ. पार्थ ने बताया कि शिविर में 57 मरीजों ने पंजीकरण कराया और चिकित्सा लाभ लिया।

शिविर में डॉ. आरसी उप्रेती, डॉ. देवज्योति, डॉ. राजेश पाल, डॉ. बीपी सिंह, डॉ. जहांआरा खान, डॉ. नीरज पांडे, डॉ. एनएन मेहरोत्रा, नजमा, कृष्ण कुमार, नीलम, अंजलि, अब्दुल कादिर, लक्ष्मी आदि ने प्रमुख रूप से शिरकत की।

 

Related Articles

Back to top button