कालकाजी गैंगरेप केस के विरोध में सड़क पर उतरीं LSR की छात्राएं: महिला सुरक्षा को लेकर निकाला मार्च, पुलिस गश्त बढ़ी

Lucknow Focus News Desk: दक्षिणी दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य घटना के विरोध में लेडी श्री राम (LSR) कॉलेज की छात्राओं ने कालकाजी मंदिर के पास विरोध प्रदर्शन और मार्च निकाला। छात्राओं ने दिल्ली में महिलाओं के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की पुरजोर मांग की। घटना के विरोध में कॉलेज बंद रहा और छात्राओं ने ऐलान किया है कि 25 सितंबर को भी विरोध मार्च निकाला जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल छात्राओं ने पीड़िता के साथ एकजुटता (Solidarity) व्यक्त करते हुए कहा कि यह मार्च सिर्फ एक पीड़िता के लिए नहीं, बल्कि राजधानी और देश भर में महिलाओं के खिलाफ हो रही हिंसा के विरोध में है। वहीं, घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने मॉरिस नगर और दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) उत्तरी परिसर के आसपास पिंक पुलिस टीमों, पैदल गश्त और स्कूटर पेट्रोलिंग के जरिए सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी है।




