लखनऊ की कंपनी टीएनवी-एलईआई को मिली GLEIF से वैश्विक मान्यता, यूनाइटेड किंगडम में शुरू किया परिचालन

Lucknow Focus News Desk: राजधानी लखनऊ स्थित युवा नेतृत्व वाली कंपनी टीएनवी ग्लोबल लिमिटेड की सहायक कंपनी एलईआई इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड (टीएनवी-एलईआई) ने वैश्विक पटल पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। गैर-लाभकारी संगठन ग्लोबल लीगल एंटिटी आइडेंटिफायर फाउंडेशन (GLEIF) ने टीएनवी-एलईआई को लीगल एंटिटी आइडेंटिफायर (LEI) जारी करने वाली संस्था के रूप में मान्यता दी है।
इस मान्यता के साथ ही टीएनवी-एलईआई ने इसी महीने से यूनाइटेड किंगडम (UK) में अपना परिचालन शुरू कर दिया है, जो इसके वैश्विक विस्तार की शुरुआत है।

वैश्विक पारदर्शिता और वित्तीय अनुपालन में बड़ी भूमिका
टीएनवी-एलईआई की यह मान्यता भारत और विदेशों में वित्तीय अनुपालन को बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एलईआई जारी करने वाली संस्था के रूप में, यह कंपनी वित्तीय लेनदेन में ‘कौन कौन है’ की पहचान को आसान बनाकर पारदर्शिता को बढ़ावा देगी, जिससे धोखाधड़ी (Fraud) और मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) को कम करने में मदद मिलेगी। भारतीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (MSME) के लिए एलईआई अधिक किफायती और सुलभ हो सकेगा। छोटे व्यवसाय वैश्विक वित्तीय व्यवस्था का हिस्सा बन सकेंगे।
यूनाइटेड किंगडम में परिचालन शुरू करके, टीएनवी-एलईआई भारतीय व्यवसायों और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों के बीच संबंधों को मजबूत करने तथा सीमा-पार लेनदेन को आसान बनाने में भी मदद करेगा।
‘वैश्विक पहचान पासपोर्ट’ की ओर कदम
इस उपलब्धि पर टीएनवी-एलईआई के कार्यकारी निदेशक प्रज्ञेश कुमार सिंह ने इसे भारत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया, जो वैश्विक एलईआई प्रणाली में भारत के प्रवेश को दर्शाता है।
प्रज्ञेश कुमार सिंह ने कहा “यह उपलब्धि इस बात की पुष्टि करती है कि हम यूनाइटेड किंगडम से एक भरोसेमंद एलईआई जारीकर्ता के रूप में कार्य करने और दुनिया भर के ग्राहकों को पेशेवर, कुशल और पारदर्शी सेवाएँ प्रदान करने में सक्षम हैं।
एलईआई नंबर दुनिया भर की कानूनी संस्थाओं के लिए एक वैश्विक पहचान पासपोर्ट के रूप में कार्य करेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि टीएनवी-एलईआई का मिशन सिर्फ एलईआई जारी करना नहीं है, बल्कि मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद वित्तपोषण के खिलाफ वैश्विक लड़ाई का समर्थन करना भी है। कंपनी 2026 तक VLEI (वेरिफाएबल एलईआई) गतिविधियाँ शुरू करने की योजना बना रही है, जिससे वैश्विक वित्तीय व्यवस्था में डिजिटल भरोसा मजबूत होगा।
GLEIF के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एलेक्ज़ांद्र केच ने टीएनवी-एलईआई को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि एलईआई प्रणाली की बढ़ती परिपक्वता को दर्शाती है।




