लखनऊ: बच्चों की प्रतिभा को निखारेगी ‘चबूतरा थियेटर पाठशाला’, एक्टिंग से लेकर गायन तक की बारीकियां सीखेंगे नौनिहाल

Lucknow Focus News Desk: राजधानी लखनऊ के बच्चों और युवाओं के लिए इस गर्मी की छुट्टियां कला और संस्कृति के नाम होने वाली हैं। ‘मदर सेवा संस्थान’ द्वारा संचालित चबूतरा थियेटर पाठशाला ने इंदिरा नगर के तकरोही स्थित वाल्मीकि पार्क में अपनी नियमित कार्यशालाओं का भव्य शुभारंभ किया है। इस पाठशाला का उद्देश्य बच्चों के भीतर छिपे स्टेज फियर (मंच का डर) को दूर कर उनमें आत्मविश्वास जगाना है।

एक्टिंग की एबीसीडी और एनिमल एक्सरसाइज का चला दौर
कार्यशाला के पहले दिन फिल्म अभिनेता और युवा रंगकर्मी महेश चंद्र देवा ने बच्चों को अभिनय की बेसिक जानकारी दी। उन्होंने ‘मिरर एक्सरसाइज’ के जरिए चेहरे के हाव-भाव (फेस एक्सप्रेशन) और ‘वॉयस मॉड्यूलेशन’ का कड़ा अभ्यास कराया। बच्चों के लिए सबसे रोमांचक रही ‘एनिमल एक्सरसाइज’, जिसके माध्यम से उन्हें ‘जंगल टॉक’ की रिहर्सल कराई गई।
इसके साथ ही रजनी वर्मा ने 5 से 15 साल के बच्चों को कथक और लोक नृत्य की बारीकियों से रूबरू कराया। आशीष शर्मा ने गायन की विशेष क्लास लेकर सुरों का अभ्यास कराया।
समाज को सभ्यता से जोड़ती है कला: राजेश पुजारी
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुँचे समाजसेवी और महर्षि वाल्मीकि निर्धन कन्या विवाह समिति के अध्यक्ष राजेश पुजारी ने कहा, “कला समाज को अपनी सभ्यता से जुड़ने का अवसर देती है। आज के मशीनी युग में नृत्य, नाटक और संगीत इंसानियत को जिंदा रखने के लिए बेहद जरूरी हैं।” कार्यक्रम में पूर्व पार्षद कांशी राम, एडवोकेट परशुराम कनौजिया और हाईकोर्ट के कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
बाराबंकी में खुलेगा नया केंद्र, जून में होगा बड़ा समारोह
संस्थान की अध्यक्षा किरण लता और सचिव महेश चंद्र देवा ने भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जल्द ही बाराबंकी के नर्तला गांव (सरसोंधी) स्थित कबीर मठ में नई ‘चबूतरा थियेटर पाठशाला’ खोली जाएगी। लखनऊ में वाल्मीकि पार्क (तकरोही) और एक्सपर्ट किड्स पब्लिक स्कूल (जानकीपुरम) में कक्षाएं जारी रहेंगी। आगामी जून माह में अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध संस्थान में तीन दिवसीय भव्य नाट्य समारोह का आयोजन किया जाएगा।
संस्थान का मुख्य लक्ष्य बच्चों में अपनी संस्कृति के प्रति गौरव पैदा करना और उन्हें मंच के माध्यम से एक सशक्त व्यक्तित्व प्रदान करना है।




