लखनऊ

लखनऊ को मिलने जा रहा है नया ‘फूड वैली’, 42 ब्रांड्स एक ही जगह

Lucknow Focus News Desk: राजधानी वासियों और शहर में आने वाले सैलानियों के लिए जल्द ही एक नया खानपान का आकर्षक केंद्र तैयार होने जा रहा है।

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) गोमतीनगर स्थित आशा ज्योति लेन में एक अत्याधुनिक ‘फूड वैली’ का विकास कर रहा है, जो समतामूलक चौक और प्रतीक स्थल के बीच स्थित होगा। यह परियोजना शहर की लोकप्रिय ‘चटोरी गली’ की तर्ज पर विकसित की जा रही है, लेकिन इसमें आधुनिक सुविधाओं का खास ख्याल रखा गया है।

42 प्रतिष्ठित ब्रांड्स होंगे शामिल

इस फूड वैली में कुल 42 नामचीन फूड ब्रांड्स के आउटलेट्स खोले जाएंगे। यहां लखनऊवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी विविध स्वादों का अनुभव मिलेगा। इसका उद्देश्य न केवल खानपान की सुविधा देना है, बल्कि एक पारिवारिक आउटिंग स्पॉट के रूप में भी इसे विकसित करना है।

निजी कंसोर्टियम को सौंपी गई जिम्मेदारी

शुरुआत में एलडीए इस प्रोजेक्ट को खुद संचालित करने की योजना बना रहा था, लेकिन बाद में इसे टेंडर के माध्यम से निजी कंपनियों को सौंपने का निर्णय लिया गया। दिल्ली की ‘हैस्लेट’ और लखनऊ की ‘एमजीवी फूड डिजाइन’ के संयुक्त उपक्रम को इसका संचालन अगले पांच वर्षों के लिए सौंपा गया है। अनुमान है कि इस प्रोजेक्ट से एलडीए को हर वर्ष लगभग 95 लाख रुपये की आय होगी।

गर्मी में भी ठंडी और सुकून भरी जगह

इस फूड वैली को इस तरह डिजाइन किया गया है कि गर्मियों में भी लोग आराम से बैठकर भोजन कर सकें। इसके लिए टेंसाइल स्ट्रक्चर के तहत एयर मिस्ट तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, जिससे तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। बच्चों के लिए एक विशेष प्ले ज़ोन भी विकसित किया जा रहा है, ताकि यह जगह पूरे परिवार के लिए उपयुक्त साबित हो सके।

जल्द खुलेगा फूड वैली का द्वार

एलडीए ने परियोजना की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और संचालन की जिम्मेदारी भी संबंधित कंपनियों को सौंप दी गई है। संभावना है कि यह फूड वैली अगले महीने से आम जनता के लिए खोल दी जाएगी। यह पहल न सिर्फ शहर को एक नई पहचान देगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नया बल देगी।

Related Articles

Back to top button