मोनालिसा के लिए ख़ास है लखनऊ, पहली फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ के लिए पहुंचीं राजधानी

Lucknow Focus News Desk: महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा पहली बार लखनऊ पहुंची, जहां से वो आगे अपनी पहली फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ की शूटिंग के लिए जाएंगी। उनके साथ मुंबई से आई पूरी टीम में अभिनेता अमित राव, अभिषेक त्रिपाठी और फिल्म के लेखक-निर्देशक सनोज मिश्र भी थे।
पत्रकारों से बातचीत में मोनालिसा ने लखनऊ को खास बताया। उन्होंने कहा कि यह शहर उनके लिए विशेष है, क्योंकि फिल्म के निर्देशक सनोज मिश्र यहीं से हैं, जिन्होंने उनकी जिंदगी बदल दी। हालांकि, इस सफर में कई मुश्किलें आईं और निर्देशक सनोज मिश्र को जेल भी जाना पड़ा।
निर्देशक ने लगाया वसीम रिजवी पर गंभीर आरोप
फिल्म के लेखक-निर्देशक सनोज मिश्र ने इस बारे में बात करते हुए कहा कि वसीम रिजवी, जिस पर उन्होंने ‘अपराध छुपाने के लिए भगवा ओढ़कर हिंदू बनने’ का आरोप लगाया, उसी ने साजिश करके उन्हें जेल भिजवाया था। सनोज मिश्र के अनुसार, रिजवी ने उनका कई करोड़ रुपया हड़प लिया था, जिसके लिए वह न्यायालय में कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे।
सनोज मिश्र ने दावा किया कि वसीम रिजवी ने झूठे आरोपों के जरिए न सिर्फ फिल्म के काम को रोकना चाहा, बल्कि मोनालिसा के बढ़ते कदमों को भी रोकने की कोशिश की। हालांकि, सनोज मिश्र ने बताया कि उन्होंने जेल में रहते हुए भी फिल्म की पटकथा पर काम करना जारी रखा और बाहर आते ही उन्होंने फिल्म का निर्माण शुरू कर दिया।
फरवरी तक रिलीज होगी फिल्म
निर्देशक ने बताया कि फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ की आधी शूटिंग पूरी हो चुकी है और अगले साल फरवरी तक इसे रिलीज के लिए तैयार कर दिया जाएगा।




