लखनऊ

Lucknow: महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया जनसेवा में अग्रणी प्रतिभाओं का सम्मान, आनंद उपाध्याय भी हुए सम्मानित

Lucknow Focus News Desk : राजधानी लखनऊ के ट्रांस गोमती क्षेत्र स्थित प्रमुख आवासीय क्षेत्र गोमतीनगर की सौ से अधिक पंजीकृत समितियों का प्रतिनिधित्व करने वाली गोमतीनगर जन कल्याण महासमिति का वार्षिक पूर्णाधिवेशन आज मनीषा मंदिर सभागार, विराम खंड में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल रहीं। विशेष अतिथियों में प्रतिष्ठित समाजसेवी डॉ. सरोजनी अग्रवाल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सांसद प्रतिनिधि सेवानिवृत्त आईएएस दिवाकर त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश होम्योपैथी विभाग के पूर्व निदेशक प्रो. (डॉ.) बी.एन. सिंह, रक्षा मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. राघवेंद्र शुक्ला तथा कर्नल पांडे शामिल रहे।

कार्यक्रम का आयोजन कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर किया गया, जिसमें वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को स्मरण किया गया।

इस अवसर पर महासमिति द्वारा स्थानीय सांसद श्री राजनाथ सिंह के प्रयासों से लखनऊ महानगर में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों के लिए आभार जताया गया। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में योजनाबद्ध ढंग से विकास हेतु दिए गए बजट प्रावधानों के प्रति भी कृतज्ञता प्रकट की गई।

सम्मेलन में शहीद पथ पर एलिवेटेड रोड, मेट्रो के नए रूटों पर संचालन, बच्चों के खेल पार्क, फिजियोथेरेपी सेंटर की स्थापना, पेयजल और सीवर लाइन सुदृढ़ीकरण जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। महापौर ने लखनऊ को स्वच्छता रैंकिंग में देश भर में तीसरा स्थान दिलाने के लिए नागरिकों को बधाई दी एवं 200 से अधिक इलेक्ट्रिक सार्वजनिक वाहनों की उपलब्धता और कूड़ा प्रबंधन में सुधार का आश्वासन भी दिया।

समारोह के अंतर्गत सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनजागरण के क्षेत्र में सक्रिय अनेक प्रबुद्ध प्रतिभाओं को महापौर द्वारा अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सुपरिचित साहित्यकार, स्वतंत्र पत्रकार एवं स्तंभकार आनंद उपाध्याय ‘सरस’ का नाम प्रमुखता से शामिल है, जिनके लेखन व सामाजिक योगदान को विशेष रूप से सराहा गया।

Related Articles

Back to top button