उत्तर प्रदेश

Lucknow News: पुरानी पेंशन और 8वें वेतन आयोग की मांग, कल यूपी में प्रदर्शन करेंगे राज्य कर्मचारी

Lucknow Focus News Desk: पुरानी पेंशन योजना (OPS) और आठवें वेतन आयोग के गठन सहित अपनी 7 सूत्री मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश के राज्य कर्मचारी कल यानी 23 सितंबर को बड़े प्रदर्शन की तैयारी में हैं। यह प्रदर्शन अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर देशभर के सभी जिला मुख्यालयों पर होगा।

उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल अग्रवाल और प्रदेश महामंत्री अशोक सिंह ने एक संयुक्त बयान जारी कर बताया कि प्रदर्शन के जरिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र भेजा जाएगा।

सरकार पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप

महासंघ के नेताओं ने सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इसकी घोषणा के साढ़े सात महीने बाद भी अधिसूचना जारी नहीं की है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है। सरकार ने ‘OPS’ की जगह ‘UPS’ लागू कर करोड़ों कर्मचारियों के ‘जले पर नमक छिड़कने’ का काम किया है। पूर्वांचल और दक्षिणांचल डिस्कॉम को निजी हाथों में सौंपने के फैसले की कड़ी निंदा की गई।

सरकार का संविदा कर्मियों को नियमित करने की बजाय उन्हें सेवानिवृत्ति तक संविदा पर ही रखने का प्रस्ताव मंजूर नहीं है।

कमल अग्रवाल ने कहा कि सरकार बड़े पूंजीपतियों के कर्ज माफ कर रही है, लेकिन कर्मचारियों का 18 महीने का बकाया डीए जारी नहीं कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो वे विरोध प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे।

लखनऊ में यह प्रदर्शन कल सुबह 11 बजे कर्मचारी मसीहा स्व. बी.एन. सिंह की मूर्ति पर शुरू होगा और दोपहर 2 बजे जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के बाद समाप्त हो जाएगा।

Related Articles

Back to top button