Lucknow News: राजनाथ सिंह और CM योगी ने ब्रह्मोस मिसाइलों की पहली खेप को दिखाई हरी झंडी

Lucknow Focus News Desk: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ स्थित ब्रह्मोस एयरोस्पेस इकाई से तैयार की गई ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइलों की पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दिन न सिर्फ उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (UPDIC) के लिए मील का पत्थर साबित हुआ, बल्कि भारत के रक्षा उत्पादों में आत्मनिर्भरता के संकल्प को भी नई ऊर्जा दी।
विश्व की सबसे तेज और घातक सटीक प्रहार क्षमता वाली ब्रह्मोस मिसाइल प्रणाली की निर्माता ब्रह्मोस एयरोस्पेस ने लखनऊ की इस नई इंटीग्रेशन एंड टेस्ट सुविधा से पहली खेप तैयार की है। इस अत्याधुनिक इकाई का उद्घाटन 11 मई को किया गया था।
राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दी खुली चेतावनी
इस अवसर पर बोलते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पड़ोसी देश पाकिस्तान को खुली चेतावनी दी। उन्होंने कहा “आज का दिन उत्तर प्रदेश की जनता के लिए महत्वपूर्ण है। लखनऊ डिफेंस सेक्टर में अहम भूमिका निभा रहा है। मैंने पांच महीने पहले ब्रह्मोस यूनिट का उद्घाटन किया था, और आज उसकी पहली खेप रवाना कर दी गई। यह आम बात नहीं है। ऑपरेशन सिंदूर ने साबित कर दिया है कि जीत अब हमारी आदत बन चुकी है।”
राजनाथ सिंह ने आगे कहा, “दुनिया ने भारत की ताकत को माना है। देश को यह विश्वास है कि अब हम बहुत मजबूत हो चुके हैं। मैं बता दूं कि जब भारत पाकिस्तान को जन्म दे सकता है, अब आगे आप लोग समझदार हैं। पाकिस्तान का हर इंच ब्रह्मोस की रेंज में है। ऑपरेशन सिंदूर तो बस ट्रेलर था।”
उन्होंने ब्रह्मोस को तीनों सेनाओं की रीढ़ बताते हुए कहा कि यह यूनिट देश की बढ़ती ताकत की पहचान है और इसका उत्पादन युवाओं के विश्वास को बढ़ाता है।
UP को मिला राजस्व और रोजगार
कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक (ब्रह्मोस) डॉ. जयतीर्थ आर जोशी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक चेक और जीएसटी बिल सौंपा, जिससे राज्य सरकार को राजस्व प्राप्त हुआ।
ब्रह्मोस मिसाइलों के उत्पादन से उत्तर प्रदेश में उच्च कौशल वाले युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं। इस दौरान रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री ने बूस्टर डॉकिंग प्रक्रिया देखी, ब्रह्मोस सिम्युलेटर उपकरणों का प्रस्तुतीकरण हुआ, और पौधरोपण कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।




