लखनऊ

Lucknow News: यूपी के नए मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने राज्यपाल से की मुलाकात

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के नए मुख्य सचिव आईएएस एस.पी. गोयल ने शुक्रवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात की। इस मुलाकात को एक शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है। एस.पी. गोयल ने गुरुवार को ही मुख्य सचिव का पदभार संभाला था।

मुख्यमंत्री के भरोसेमंद अधिकारी

एस.पी. गोयल पिछले आठ सालों से मुख्यमंत्री कार्यालय में अहम जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद उन्हें मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बनाया गया था। बाद में अपर मुख्य सचिव के पद पर पदोन्नत होने के बावजूद वह मुख्यमंत्री कार्यालय में ही बने रहे। मनोज कुमार सिंह के रिटायर होने के बाद अब वह प्रदेश के सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी बन गए हैं।

कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी

मुख्य सचिव बनने के बाद एस.पी. गोयल को कई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्हें अब अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त, अपर मुख्य सचिव समन्वय विभाग, अध्यक्ष पिकप, यूपीडा और उपशा का मुख्य कार्यपालक अधिकारी भी बनाया गया है।

वहीं, संजय प्रसाद, जो पहले से ही कई अहम विभागों (गृह, प्रोटोकॉल, सूचना एवं जनसंपर्क) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उन्हें अब नागरिक उड्डयन और राज्य संपत्ति विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

कौन हैं एस.पी. गोयल?

लखनऊ के रहने वाले एस.पी. गोयल का जन्म 20 जनवरी 1967 को हुआ था। बीएससी (ऑनर्स) और एमसीए की पढ़ाई के बाद 1989 में वे आईएएस बने। उनकी पहली तैनाती इटावा में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के तौर पर हुई थी। इसके बाद वह बहराइच, अलीगढ़, देवरिया, मथुरा, इटावा और प्रयागराज जैसे जिलों में जिलाधिकारी (DM) रह चुके हैं।

Also Read: हिंदी की महान विभूतियों को श्रद्धांजलि: लखनऊ में विशेष संगोष्ठी, साहित्यकारों ने तुलसीदास, प्रेमचंद को बताया ‘प्रेरणा पुरुष’

Related Articles

Back to top button