Lucknow: PWD कर्मचारियों का प्रदेश स्तरीय धरना 22 अप्रैल को, विभाग की उदासीनता पर जताया रोष

उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग श्रमिक संघ के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक प्रांतीय अध्यक्ष सत्यनारायण त्रिपाठी की अध्यक्षता में केन्द्रीय कार्यालय, 7 विशेश्वरनाथ रोड, लखनऊ में सम्पन्न हुई।
बैठक में प्रांतीय महामंत्री राम भजन मौर्य ने जानकारी दी कि प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कार्यालय और प्रमुख सचिव (अनुभाग-7) के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद विभाग के फील्ड कर्मचारियों की जायज़ मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। साथ ही, संघ के पदाधिकारियों से वार्तालाप से भी विभाग बचता रहा है। इससे कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है।
6 मार्च 2025 को कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, वर्कचार्ज/दैनिक कर्मचारियों को सुप्रीम कोर्ट के “प्रेम सिंह बनाम राज्य सरकार” मामले में दिए गए फैसले के अनुरूप पेंशन देने, रिक्त पदों पर नियमितीकरण, मेट को वर्क एजेंट के समान 2400 ग्रेड पे, आउटसोर्सिंग कर्मियों को नियमित कर्मचारियों के समान वेतन, ई.पी.एफ. और ई.एस.आई. के लाभ सहित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर संघ द्वारा 12 मार्च 2025 को मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपा गया था।
इन मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण संघ ने 22 अप्रैल 2025 को प्रदेश स्तरीय धरने का ऐलान किया है। यह धरना के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम, लखनऊ के पास स्थित स्वर्गीय बी.एन. सिंह जी की प्रतिमा के समक्ष सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। धरने के दौरान मुख्यमंत्री को जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
श्रमिक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और विभाग अब भी उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाते, तो आने वाले समय में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।




