उत्तर प्रदेश

लखनऊ स्पेक्ट्रम 2025: 111 कलाकारों की कृतियों के साथ कला, संस्कृति और निवेश का भव्य उत्सव शुरू

Lucknow Focus News Desk: भारत की सांस्कृतिक राजधानी लखनऊ में, फ़्लोरेंसेंस आर्ट गैलरी और फ़ीनिक्स पलासियो के संयुक्त तत्वावधान में “लखनऊ स्पेक्ट्रम – 2025” आर्ट फेयर का भव्य उद्घाटन किया गया। उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव, गृह एवं सूचना विभाग, संजय प्रसाद ने शनिवार (1 नवंबर 2025) को इसका शुभारंभ किया और कलाकारों की कृतियों की सराहना की।

आर्ट फेयर की मुख्य विशेषताएं

इस आर्ट फेयर में देश के 111 प्रतिष्ठित कलाकारों की कलाकृतियां एक ही मंच पर प्रदर्शित की जा रही हैं।

यह आयोजन भारतीय कला की विविधता, संवेदना और समकालीन दृष्टि का सुंदर संगम है, जिसका उद्देश्य कला को कल्पना, संवाद और नवाचार का उत्सव बनाना है।

इसमें उत्तर प्रदेश की कोहबर, बिहार की मधुबनी, मध्य प्रदेश की भील और गोंड कला, राजस्थान की पिछवई और फड़ पेंटिंग, तथा हिमाचल प्रदेश की पहाड़ी मिनिएचर जैसी पारंपरिक कलाओं के साथ समकालीन कला के विविध रूप प्रदर्शित किए गए हैं।

प्रदर्शनी में चित्र, मूर्तिशिल्प, सिरामिक, म्यूरल, छापाचित्र, असम के मजुली मास्क और वॉश शैली के चित्र विशेष रूप से शामिल हैं। यह आर्ट फेयर 1 नवंबर से 30 नवंबर तक फीनिक्स पलासियो, लखनऊ में आयोजित किया जाएगा।

आयोजन का उद्देश्य और संदेश

गैलरी की निदेशक नेहा सिंह और फ़ीनिक्स पलासियो के रिटेल डायरेक्टर संजीव सरीन का मानना है कि इस फेयर का उद्देश्य केवल कला का प्रदर्शन नहीं, बल्कि प्रदेश में कला में निवेश को प्रोत्साहित करना है।

“कला में निवेश, वास्तव में संस्कृति और संपन्नता का संगम है। लखनऊ स्पेक्ट्रम 2025 इसी विचार को मूर्त रूप देता है, जहां कला, संस्कृति और निवेश मिलकर समृद्ध भविष्य की रचना करते हैं।”

आयोजन के क्यूरेटर (भूपेंद्र कुमार अस्थाना, राजेश कुमार और गोपाल सामंतराय) ने इसे कला को सुलभ, संवादमय और संग्रहणीय बनाने की पहल बताया।

Related Articles

Back to top button