लखनऊ

Lucknow: गर्मी में बिजली संकट से बेहाल हैं हजारों परिवार, इन्वर्टर भी हुए फेल

Lucknow Focus News Desk: राजधानी लखनऊ के कृष्णा लोक, फैजुल्लागंज और श्याम विहार समेत कई इलाकों में पिछले तीन दिनों से बिजली संकट गहराता जा रहा है। लगातार हो रही बिजली कटौती से लोग गर्मी और मच्छरों के बीच बेहाल हैं। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि न दिन चैन है न रात को नींद। गर्मी में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रोज़ाना 10 से 12 घंटे तक बिजली गायब रहती है। रात में कई-कई बार बिजली कटती है और कुछ मौकों पर तो पूरी रात अंधेरे में बीत जाती है। इन्वर्टर भी जवाब दे चुके हैं और पानी भरने वाली मोटरें चल नहीं पा रहीं, जिससे पानी की किल्लत भी बढ़ती जा रही है।

बुज़ुर्ग, बीमार और बच्चों की हालत सबसे ज़्यादा खराब

करीब 5000 से अधिक परिवार इस समस्या से बुरी तरह प्रभावित हैं। सबसे ज़्यादा दिक्कत उन परिवारों को हो रही है जिनके घरों में छोटे बच्चे, बुज़ुर्ग या बीमार सदस्य हैं। तेज़ गर्मी, उमस और मच्छरों की भरमार ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है।

एक स्थानीय निवासी रंजीत यादव ने बताया, “अब तो दिन में भी बिजली नहीं रहती। रात में तो हाल ही बेहाल है। 24 घंटे में मुश्किल से 12-13 घंटे ही बिजली मिल रही है। बच्चों की तबीयत बिगड़ रही है और कई लोग सिर दर्द, चिड़चिड़ेपन और नींद की कमी से परेशान हैं।”

शिकायत का भी नहीं मिल रहा जवाब

लोगों ने बताया कि बिजली विभाग से बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। उपकेंद्र पर कॉल करने की कोशिश की जाती है, लेकिन फोन उठाना तो दूर, कई बार घंटों लाइन भी व्यस्त रहती है। ऐसे में लोगों का गुस्सा और निराशा दोनों बढ़ रहे हैं।

स्थानीय निवासियों ने बिजली विभाग और प्रशासन से जल्द से जल्द इस गंभीर समस्या पर ध्यान देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो यह समस्या आने वाले दिनों में और भी विकराल रूप ले सकती है।

बिजली की यह अनियमित आपूर्ति न सिर्फ दिनचर्या को बिगाड़ रही है, बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी गहरा असर डाल रही है।

लखनऊ जैसे महानगर में गर्मी के मौसम में बिजली की इस कदर कटौती ने न सिर्फ लोगों को तकलीफ दी है, बल्कि यह प्रशासनिक लापरवाही का भी प्रतीक बनती जा रही है। जरूरत है कि जिम्मेदार अधिकारी इस ओर गंभीरता से ध्यान दें और स्थायी समाधान निकालें।

Also Read: उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर जारी, बुंदेलखंड में पारा 45 डिग्री के पार, अगले तीन दिन तक राहत नहीं 

Related Articles

Back to top button