लखनऊ की मेनका सोनी ने रचा इतिहास: वाशिंगटन के रेडमंड सिटी काउंसिल में चुनी जाने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी महिला

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से ताल्लुक रखने वाली मेनका सोनी ने अमेरिका में एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उन्हें वाशिंगटन राज्य के रेडमंड शहर (जो माइक्रोसॉफ्ट का वैश्विक मुख्यालय है) का सिटी काउंसिल चुना गया है। वह इस पद पर चुनी जाने वाली पहली ‘प्रवासी भारतीय-अमेरिकी महिला’ बनी हैं।
श्रीमद्भगवद गीता हाथ में लेकर ली शपथ
मेनका सोनी ने शपथ ग्रहण समारोह में जब श्रीमद्भगवद गीता हाथ में लेकर शपथ ली, तो यह क्षण भारत के लिए और भी गर्व का विषय बन गया। इतना ही नहीं, उन्होंने भारतीय संस्कृति और विरासत को सम्मान देते हुए भारतीय हैंड-एम्ब्रॉयडरी वाला पैंट-सूट पहन रखा था। उन्हें जज रसेल ने शपथ दिलाई।
मेनका सोनी की जीत इसलिए भी चर्चा का विषय रही क्योंकि उन्होंने आठ वर्षों से सत्ता में जमे अपने प्रतिद्वंद्वी को हराकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की। शपथ ग्रहण समारोह में मेयर एंजेला बिर्नी, सिटी काउंसिल के सदस्य, सिएटल में भारत के कांसुल जनरल प्रकाश गुप्ता और बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग मौजूद थे। कांसुल जनरल गुप्ता ने उन्हें सम्मानित भी किया।
लखनऊ से कॉर्पोरेट जगत तक का सफर
मेनका सोनी का जन्म आगरा में हुआ था, लेकिन उनकी अधिकांश पढ़ाई-लिखाई लखनऊ में हुई। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduate) की डिग्री प्राप्त की और लगभग 20 वर्षों तक लखनऊ में रहीं।
30 से अधिक वर्षों के वैश्विक कॉर्पोरेट अनुभव के साथ, उनके पास माइक्रोसॉफ्ट, स्टारबक्स, जनरल मोटर्स और टी मोबाइल जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में काम करने का अनुभव है। मेनका सोनी वॉशिंगटन राज्य में महिला सशक्तिकरण, घरेलू हिंसा, मानसिक स्वास्थ्य और बेघर लोगों की मदद जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रूप से सेवा करती रही हैं।
राष्ट्रपति बाइडेन से मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
मेनका सोनी गैर-लाभकारी संस्था AmPowering की संस्थापक और अध्यक्ष हैं, जिसने पांच लाख से अधिक लोगों की मदद की है। उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें कई बड़े सम्मानों से नवाजा जा चुका है:
उन्हें यूएस कांग्रेस द्वारा ‘टॉप-20 इन्फ्लुएंशियल वीमेन अवार्ड’ और राष्ट्रपति जो बाइडेन द्वारा ‘प्रेसिडेंट लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड-2024’ से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी सेवा, संघर्ष और नेतृत्व की कहानी भारतीय-अमेरिकियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।




