देश

दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन: यूजीसी और जातिगत आरक्षण के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, पुलिस ने हिरासत में लिया

Lucknow Focus News Desk: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुक्रवार को जाति आधारित आरक्षण व्यवस्था और यूजीसी (UGC) के नए नियमों के विरोध में भारी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। हाथों में बैनर-पोस्टर और तख्तियां लिए प्रदर्शनकारियों ने ‘आरक्षण गरीब को मिले, जाति को नहीं’ और ‘भारत में आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करो’ जैसे प्रखर नारे लगाए।

बैरिकेडिंग तोड़ी, जंतर-मंतर छोड़ने से किया इनकार

सुबह से ही जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों का जुटना शुरू हो गया था। दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर भीड़ को रोकने की कोशिश की, लेकिन स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग लांघकर निर्धारित क्षेत्र में दाखिल हो गए। पुलिस लगातार जंतर-मंतर खाली करने की अपील करती रही, लेकिन भीड़ हटने को तैयार नहीं हुई।

पुलिस की कार्रवाई और हिरासत

शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दावे के बीच दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि जंतर-मंतर पर अनुमति न होने के कारण प्रदर्शनकारियों को वैकल्पिक स्थल के रूप में रामलीला मैदान जाने के लिए अधिकतम 500 लोगों की एनओसी (NOC) जारी की गई थी। इसके बावजूद एक वर्ग जंतर-मंतर पर ही डटे रहने की जिद पर अड़ा रहा।

आयोजक अभिषेक अग्निहोत्री और ‘रिजर्वेशन रिफॉर्म मूवमेंट’ के संस्थापक हर्ष दुबे ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे पीछे नहीं हटेंगे।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें

जातिगत आरक्षण का अंत: जाति आधारित आरक्षण को समाप्त कर आर्थिक आधार पर व्यवस्था लागू की जाए।

सम्पन्न वर्ग को बाहर करना: आरक्षित वर्ग के आर्थिक रूप से संपन्न परिवारों और अधिकारियों के बच्चों को आरक्षण के दायरे से बाहर किया जाए।

UGC प्रावधानों की समीक्षा: यूजीसी के नए समानता संबंधी नियमों को वापस लिया जाए और शैक्षणिक संस्थानों में नियमों के दुरुपयोग पर रोक लगाई जाए।

Related Articles

Back to top button