देश

नवी मुंबई में एक्सपायरी डेट से छेड़छाड़ का बड़ा खेल बेनकाब, FDA और पुलिस की कार्रवाई में 75 लाख का माल जब्त

Lucknow Focus News Desk: नवी मुंबई के तुर्भे स्थित TTC इंडस्ट्रियल एरिया में खाद्य पदार्थों की मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट में हेरफेर करने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ठाणे और नवी मुंबई क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने ‘मे. साधना एंटरप्राइजेज’ पर छापेमारी कर करीब 75.51 लाख रुपये मूल्य का संदिग्ध और एक्सपायर हो चुका खाद्य स्टॉक जब्त किया है।

गोदाम में नामी ब्रांड्स के उत्पादों पर लिखी पुरानी तारीखों को मिटाकर नई प्रिंटिंग की जा रही थी और मूल इंग्रीडिएंट्स व न्यूट्रिशनल इंफॉर्मेशन पर नए स्टिकर चिपकाकर माल को दोबारा बाजार में बेचने की तैयारी थी।

कार्रवाई के दौरान 75,21,269 रुपये मूल्य के 4,942 कार्टन जब्त किए गए। इसके अलावा 30,600 रुपये का एक्सपायर्ड और बिना लेबल वाला माल भी कब्जे में लिया गया। गड़बड़ी उजागर होने के बाद मे. साधना एंटरप्राइजेज का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत तुर्भे पुलिस स्टेशन में FIR (नंबर 457/2026) दर्ज की गई है। छापेमारी के दौरान FSSAI लाइसेंस और खरीद बिल न दिखाने वाले तीन अन्य प्रतिष्ठानों से भी नमूने लिए गए हैं और निर्यातकों की भूमिका की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button