उत्तर प्रदेशगवर्नेंस एंड पॉलिसीलखनऊ

व्यापारियों से संवाद बनाएं, राजस्व संग्रह के तय लक्ष्य पाएं – योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर राज्य कर विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक करते हुए।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्य कर विभाग की समीक्षा में अफसरों से कहा- टीम भावना से करें काम

लखनऊ फोकस ब्यूरो

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार रात राज्य कर विभाग की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को राजस्व संग्रह में बढ़ोतरी के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों से संवाद बनाकर टीम भावना के साथ राजस्व संग्रह के लिए तय लक्ष्यों को प्राप्त करने के सुनियोजित प्रयास किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी के प्रयासों से प्रदेश में जीएसटी/वैट संग्रह में सतत बढ़ोत्तरी हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025-26 के लिए 1.75 लाख करोड़ रुपये राजस्व संग्रह के लक्ष्य के साथ मिशन मोड में नियोजित प्रयास किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य कर विभाग द्वारा किए गए प्रयासों के अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं। उत्तर प्रदेश में जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों की संख्या देश में सर्वाधिक है। जीएसटी पंजीयन के लिए किए जा रहे जागरूकता प्रयासों के अच्छे परिणाम मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वाणिज्य कर अधिकारी से लेकर ज्वाइंट कमिश्नर स्तर तक के अधिकारियों के कार्य एवं संग्रह की समीक्षा की जाए। राजस्व संग्रह की खंडवार आ रही अनियमितता की समीक्षा कर इसे दूर किया जाए। अधिकारियों के प्रदर्शन के आधार पर उनकी ग्रेडिंग करें और उसी के अनुरूप उनकी पदोन्नति व पोस्टिंग की जाए।

सीएम योगी ने कहा सर्वाधिक टैक्स देने वाले लोगों को विभाग द्वारा सम्मानित किया जाए। यह कार्यक्रम प्रदेश, जोन, मंडल व जनपद स्तर पर आयोजित किए जाएं।  राज्य कर विभाग के इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाए तथा पर्याप्त मैनपॉवर सुनिश्चित किया जाए।

 

 

Related Articles

Back to top button