वरिष्ठ लेखक चंद्र किशोर जायसवाल को मानबहादुर सिंह लहक सम्मान


सम्मान समारोह का आयोजन पूर्णिया में 30 दिसम्बर को होगा
लखनऊ फोकस न्यूज
लखनऊ (वि.)। मानबहादुर सिंह लहक सम्मान की चयन समिति द्वारा निर्णय किया गया है कि वर्ष 2023 के मानबहादुर सिंह लहक सम्मान से वरिष्ठ कथाकार चन्द्रकिशोर जायसवाल को सम्मानित किया जायेगा। यह सम्मान उन्हें उनके गृह जनपद पूर्णिया में आगामी 30 दिसंबर को दिया जाएगा।
वर्ष 2023 के मानबहादुर सिंह लहक सम्मान से वरिष्ठ़ कथाकार चन्द्रकिशोर जायसवाल वरिष्ठ़ कथाकार हैं। इनका जन्म 1940 में मधेपुरा में हुआ था। अब तक सोलह कहानी संग्रह एवं 13 उपन्यास विभिन्न प्रकाशनों से प्रकाशित हो चुके हैं। उपन्यास ‘गवाह गैरहाजिर’ पर राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम ने ‘रूई का बोझ’ फिल्म बनाई जो कई इन्टरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में दिखाई गयी। कहानी संग्रह ‘हिंगवा घाट में पानी रे’ पर दूरदर्शन द्वारा निर्मित फिल्म भी चर्चित रही। कथा साहित्य के अतिरिक्त जायसवाल ने बहुत से नाटक और एकांकी भी लिखे, जो रंगमंच की दृष्टि से उपयोगी रहे और अभिनीत भी किये गये।
चन्द्रकिशोर जायसवाल को हम किसी भी वैचारिक खाँचे में फिट नहीं कर सकते हैं। वह भारतीय लोकचेतना के कथाकार हैं। उनकी कहानियों में मनुष्य का जीवन और उसके मूल्यों की केन्द्रिकता है। उनकी कहानियों में संवेदनशील कारुणिक वैचारिकता के साथ साथ लोकभाषा, लोकछवि से युक्त भारतीयता का सही मानचित्र उभर कर आया है। यही कारण है चन्द्रकिशोर जायसवाल अपने लेखन से पाठक को अभिभूत या आतंकित नहीं करते, आत्मीयता के बोध का रिश्ता कायम करते हैं।
जैसा कि मानबहादुर सिंह लहक सम्मान की परम्परा रही है कि सम्मान समारोह का आयोजन सम्मानित लेखक/कवि के जनपद में किया जाता है। वहीं पर बड़ी संख्या में लेखकगण एकत्र होकर सम्मानित लेखक के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर चर्चा करते हैं। अतः 2023 का मानबहादुर सिंह लहक सम्मान समारोह का आयोजन चन्द्रकिशोर जायसवाल के शहर पूर्णिया (बिहार) में 30 दिसम्बर 2023 को होगा।
तमाम बहसों और विचारों और चिन्तन को स्पेस देने वाली कोलकाता से प्रकाशित चर्चित पत्रिका ‘लहक’ अपने ग्यारहवें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। लहक का दिसम्बर अंक चन्द्रकिशोर जायसवाल पर केन्द्रित रहेगा, जिसका विमोचन पूर्णिया में सम्मान समारोह के दौरान किया जायेगा। इससे पूर्व मानबहादुर सिंह लहक सम्मान से वरिष्ठ़ आलोचक/ कथाकार नीलकान्त, महेन्द्र भटनागर, कान्तिकुमार जैन, मधुरेश, धनन्जय वर्मा, मलय को सम्मानित किया जा चुका है।


