Mann Ki Baat: पीएम ने मन की बात में किया ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र, बोले- आतंकवाद के खिलाफ देश की…

Lucknow Focus News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शनिवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 122वें एपिसोड के जरिए देशवासियों से संवाद किया इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात की, जिसमें ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और आतंकवाद के खिलाफ देश की एकजुटता प्रमुख रही
आतंकवाद के खिलाफ एकजुट भारत
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है, आक्रोश से भरा हुआ है और संकल्पबद्ध है। उन्होंने दृढ़ता से कहा, “आज हर भारतीय का यही संकल्प है, हमें आतंकवाद को खत्म करना ही है।”
‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सेनाओं ने जो पराक्रम दिखाया है, उसने हर हिंदुस्तानी का सिर ऊंचा कर दिया है। उन्होंने सेना की सटीकता की सराहना की, जिसने सीमा पार के आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त किया। मोदी ने जोर देकर कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने दुनियाभर में आतंक के खिलाफ लड़ाई को नया विश्वास और उत्साह दिया है।
प्रधानमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को सिर्फ एक सैन्य मिशन नहीं, बल्कि “हमारे संकल्प, साहस और बदलते भारत की तस्वीर” बताया। उन्होंने कहा कि इस तस्वीर ने पूरे देश को देशभक्ति के भावों से भर दिया है और तिरंगे में रंग दिया है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि इस सफलता में भारत में बने हथियारों, उपकरणों और टेक्नोलॉजी की ताकत, आत्मनिर्भर भारत का संकल्प और हमारे इंजीनियरों व टेक्निशियनों का पसीना शामिल है।
पूर्वोत्तर में प्रगति और स्वरोजगार की मिसाल
पीएम मोदी ने कुछ दिनों पहले राइजिंग नॉर्थ ईस्ट समिट में शामिल होने का जिक्र किया, जहां उन्होंने अष्टलक्ष्मी महोत्सव के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सिक्किम के पशु चिकित्सक डॉ। चेवांग नोरबू भूटिया का उदाहरण दिया, जिन्होंने क्राफ्टेड फाइबर्स को एक ब्रांड में बदल दिया। भूटिया ने सिक्किम की बुनाई परंपरा को नया आयाम दिया है, और इस काम से कई ग्रामीण महिलाओं को जोड़कर शॉल, स्टोल, दस्ताने और मोजे जैसे हस्तशिल्प उत्पाद बनाए जा रहे हैं।
गढ़चिरौली में बदल रहे हालात और विकास की बयार
प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के काटेझरी गांव का एक प्रेरक उदाहरण साझा किया, जहां पहली बार एक बस पहुंची। यह गांव कभी माओवादी हिंसा से प्रभावित था, लेकिन अब यहां बस सेवा शुरू होने से पूरे क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव महसूस किया जा रहा है और हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं।
गिर शेरों की बढ़ती आबादी और वन्यजीव संरक्षण
प्रधानमंत्री ने अपने कार्यक्रम में गुजरात के गिर शेरों की बढ़ती आबादी पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में गिर में शेरों की आबादी 674 से बढ़कर 891 हो गई है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि गुजरात पहला ऐसा राज्य है जहां बड़े पैमाने पर महिला वन अधिकारियों की तैनाती की गई है, और उनके योगदान को इस सफलता में महत्वपूर्ण बताया। पीएम मोदी ने वन्यजीव संरक्षण के लिए हमेशा जागरूक और सतर्क रहने की आवश्यकता पर बल दिया।
अंत में, पीएम मोदी ने उत्तराखंड के हल्द्वानी के 65 वर्षीय जीवन जोशी का जिक्र किया, जिन्हें बचपन में पोलियो हो गया था। इसके बावजूद, जीवन जोशी ने ‘बगेट’ नामक एक अनोखी कला को जन्म दिया है, जिसमें वे चीड़ के पेड़ों की सूखी छाल से सुंदर कलाकृतियां बनाते हैं। प्रधानमंत्री ने जीवन जोशी को एक शानदार कलाकार और जीती-जागती प्रेरणा बताया।