बिजनेस

1 जुलाई से रेल यात्रा में बदल जाएंगे कई नियम, टिकट बुकिंग और किराए में होंगे बड़े बदलाव

Lucknow Focus News Desk: जुलाई का महीना ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए कई नए बदलाव लेकर आ रहा है। भारतीय रेलवे एक तरफ यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में बदलाव करने जा रही है, वहीं दूसरी ओर रेवेन्यू बढ़ाने के लिए किराए में मामूली बढ़ोतरी भी की जा रही है। ये नए नियम 1 जुलाई 2025 से लागू हो जाएंगे।

ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग होगी सिर्फ आधार वेरिफिकेशन से

रेलवे के नए नियम के तहत अब ऑनलाइन तत्काल टिकट बुक करना आसान नहीं रहेगा। 1 जुलाई से IRCTC के ऐप और वेबसाइट पर तत्काल टिकट बुक करने के लिए यात्रियों को अपने अकाउंट को आधार से वेरिफाई करना अनिवार्य होगा। यानी केवल वही यात्री ऑनलाइन तत्काल टिकट बुक कर सकेंगे जिनका IRCTC अकाउंट आधार से जुड़ा होगा। रेलवे का यह कदम एजेंटों और दलालों द्वारा टिकटों की कालाबाज़ारी को रोकने के मकसद से उठाया गया है।

ऑफलाइन टिकट बुकिंग के लिए भी लागू होगा ओटीपी सिस्टम

ऑनलाइन के साथ-साथ रेलवे अब रेलवे काउंटर से बुक किए जाने वाले तत्काल टिकट पर भी सख्ती कर रही है। 15 जुलाई से नया नियम लागू होगा, जिसके तहत टिकट बुकिंग से पहले यात्री के मोबाइल पर एक OTP भेजा जाएगा। जब तक यह ओटीपी सिस्टम में दर्ज नहीं होगा, टिकट बुक नहीं हो सकेगी। यह व्यवस्था भी टिकटिंग में पारदर्शिता और फर्जीवाड़ा रोकने के उद्देश्य से लाई जा रही है।

किराए में होगी मामूली बढ़ोतरी

रेल यात्रियों को अब अपनी जेब थोड़ी ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी, क्योंकि 1 जुलाई से टिकट किराए में मामूली बढ़ोतरी की जा रही है:

एसी क्लास यात्रियों को प्रति किलोमीटर 2 पैसे अतिरिक्त देने होंगे।

स्लीपर क्लास में यात्रा करने वालों को प्रति किलोमीटर 1 पैसा ज़्यादा चुकाना होगा।

जनरल क्लास और मासिक सीजन टिकट (MST) पर तब तक कोई असर नहीं होगा, जब तक यात्रा की दूरी 500 किमी से कम है।

500 किमी से ज़्यादा यात्रा करने पर जनरल क्लास और MST यात्रियों को प्रति किमी 0.50 पैसा अधिक देना होगा।

रेलवे का कहना है कि इन सभी बदलावों का मकसद टिकटिंग सिस्टम को अधिक पारदर्शी बनाना और यात्रा को सुविधाजनक बनाना है। नई व्यवस्था से दलाली पर लगाम लगेगी और यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा।

यात्रियों से अपील है कि वे अपने IRCTC अकाउंट को जल्द से जल्द आधार से वेरिफाई करवा लें, ताकि आखिरी समय में बुकिंग से वंचित न रहें।

Also Read: फोनपे IPO की तैयारी में जुटी, अगस्त 2025 तक सेबी में दस्तावेज दाखिल करने की योजना; जुटाएगी 12,500 करोड़ रुपये

Related Articles

Back to top button