uncategorized

दिल्ली के द्वारका में अपार्टमेंट की 7वीं मंज़िल पर भीषण आग, कई लोग फंसे, राहत कार्य जारी

Lucknow Focus News Desk: राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक अपार्टमेंट की सातवीं मंज़िल पर स्थित फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा द्वारका सेक्टर 13 स्थित सबद अपार्टमेंट में हुआ, जहां आग की लपटें और धुएं का गुबार आसमान तक पहुंच गया।

दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर, बचाव कार्य जारी

फायर डिपार्टमेंट से मिली जानकारी के मुताबिक, आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। दो से तीन लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि जिस फ्लैट में आग लगी, उसके नीचे की मंज़िल पर रहने वाले लोग बालकनी में फंसे हुए हैं और मदद के लिए इशारा कर रहे हैं। चारों ओर धुआं फैल चुका है, जिससे सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है।

आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं, और पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे अपार्टमेंट को खाली कराना शुरू कर दिया है। हादसे के बाद अपार्टमेंट के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई है। स्थानीय निवासी डरे और घबराए हुए हैं। कई लोगों को बिल्डिंग से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।

Also Read: मुंबई लोकल ट्रेन हादसा: भीड़ के कारण ट्रैक पर गिरे 8 यात्री, 5 की मौत, कई गंभीर

Related Articles

Back to top button