मायावती ने फिर जताया भरोसा, आकाश आनंद बने बसपा के मुख्य नेशनल कोऑर्डिनेटर

Lucknow Focus News Desk: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने एक बार फिर अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी है। उन्हें फिर से पार्टी का मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक (नेशनल कोऑर्डिनेटर) नियुक्त किया गया है। यह फैसला आज दिल्ली में हुई पार्टी की अहम बैठक में लिया गया, जिसमें देशभर के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।
माफी के बाद मिला दूसरा मौका
आकाश आनंद ने बीते महीने 13 अप्रैल को सोशल मीडिया के माध्यम से मायावती से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। उन्होंने लिखा था कि अगर उनसे कोई गलती हुई है तो वो उसके लिए क्षमा चाहते हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मायावती ने कहा था कि पार्टी और आंदोलन के लिए समर्पण को देखते हुए उन्हें एक और मौका दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया था कि अभी किसी को भी पार्टी का उत्तराधिकारी बनाने का सवाल ही नहीं उठता।
पार्टी में वापसी के बाद पहली बड़ी जिम्मेदारी
माफी के बाद भले ही आकाश आनंद को पार्टी में दोबारा शामिल कर लिया गया था, लेकिन उन्हें कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नहीं दी गई थी। अब दिल्ली में हुई राष्ट्रीय बैठक में मायावती ने एक बार फिर आकाश को पार्टी संगठन के केंद्र में लाकर खड़ा कर दिया है।
इस बैठक में उत्तर प्रदेश के सभी जिलाध्यक्ष, मंडल कोऑर्डिनेटर्स, और देशभर के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। गौरतलब है कि पिछली बार जब इसी तरह की बैठक हुई थी, तो उसमें आकाश आनंद को सभी पदों से हटाने और पार्टी से बाहर करने का निर्णय लिया गया था।
गिरते जनाधार और बढ़ती चुनौती
बसपा का जनाधार, खासकर उत्तर प्रदेश में, पिछले कुछ वर्षों में लगातार कमजोर होता जा रहा है। पार्टी को भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद रावण से कड़ी चुनौती मिल रही है, जिन्होंने दलित राजनीति में एक नया विकल्प बनकर उभरने की कोशिश की है। ऐसे में आकाश आनंद को दोबारा सक्रिय भूमिका में लाना मायावती की रणनीतिक सोच का हिस्सा माना जा रहा है।
क्या बदलेगा आकाश की वापसी से?
आकाश आनंद की वापसी से पार्टी में युवाओं और शहरी मतदाताओं से बेहतर जुड़ाव की उम्मीद की जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, भविष्य की रणनीति में आकाश को बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है हालांकि मायावती ने फिलहाल उन्हें उत्तराधिकारी घोषित करने की किसी भी अटकल को खारिज कर दिया है।




