कोई कसर नहीं छोड़ूंगी, 2027 में यूपी में पांचवी बार बनेगी बसपा सरकार: मायावती

Lucknow Focus News Desk:बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने आज पार्टी संस्थापक मान्यवर कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित कांशीराम स्मारक स्थल पर आयोजित विशाल महारैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी के भविष्य की कमान संभालने के संकेत दिए, अपनी पार्टी के अकेले चुनाव लड़ने के फैसले को सही ठहराया और 2027 में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का दावा किया।
रैली स्थल पर समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ा, जिसे मायावती ने ‘रिकॉर्ड तोड़ भीड़’ बताया और कहा कि ये लोग अपनी खून-पसीने की कमाई खर्च करके आए हैं, न कि पैसे देकर बुलाए गए हैं।
आकाश आनंद को आगे बढ़ाया
मायावती ने मंच से अपने भतीजे और पार्टी नेता आकाश आनंद की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि आकाश उनके दिशा-निर्देशन में बसपा का जनाधार बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, जो कि अच्छी बात है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर परिस्थिति में आकाश आनंद का पूरा समर्थन करने की भावनात्मक अपील की।
“कोई कसर नहीं छोड़ूंगी, 2027 में यूपी में पांचवी बार बनेगी बसपा सरकार”
बसपा सुप्रीमो ने आत्मविश्वास से भरा दावा करते हुए कहा कि आज की रैली की भीड़ से लगता है कि 2027 में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर पूर्ण बहुमत से बसपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वादा किया कि वह इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर छोटी-छोटी सभाएं करके बसपा के चार बार के शासनकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
अकेले चुनाव लड़ने का फैसला अटल
गठबंधन की राजनीति पर बात करते हुए मायावती ने स्पष्ट किया कि बसपा यूपी में अकेले ही चुनावी मैदान में उतरेगी। उन्होंने इसके पीछे का कारण बताते हुए कहा कि गठबंधन करने पर बसपा का वोट तो सहयोगी दलों को मिल जाता है, पर बसपा को उनका वोट नहीं मिलता है।
यूपी में जब भी बसपा ने गठबंधन की सरकार बनाई, वह अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाई और पहले ही गिर गई, जबकि पूर्ण बहुमत की सरकार में सर्वसमाज का विकास हुआ।
आरक्षण और संविधान सुरक्षा पर फोकस
मायावती ने बसपा को बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान को सुरक्षित रखने वाली एकमात्र पार्टी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि जातिवादी दल संविधान को बदलने की कोशिश करते रहते हैं, लेकिन बसपा ऐसा नहीं होने देगी।
उन्होंने सपा, कांग्रेस और भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि इन सभी दलों ने पदोन्नति में आरक्षण का विरोध किया। उन्होंने सपा पर आरोप लगाया कि उसने तो सदन में पदोन्नति में आरक्षण का बिल तक फाड़ दिया था।
मायावती ने वादा किया कि प्रदेश में बसपा की सरकार बनने पर दलितों-पिछड़ों के खिलाफ सभी कानूनों को बदल दिया जाएगा और सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की सोच वाली सरकार बनेगी। उन्होंने लोगों से रोजी-रोटी के लिए पलायन न करने की स्थिति बनाने का भी वादा किया।




