देश

MCD Strike: दिल्ली नगर निगम में ‘आर-पार’ की जंग! 93 संगठनों का हल्ला बोल, आज से भूख हड़ताल पर कर्मचारी

Lucknow Focus News Desk: देश की राजधानी दिल्ली में नगर निगम (MCD) के सफाई कर्मचारियों का असंतोष अब एक बड़े आंदोलन में बदल गया है। अपनी लंबित मांगों को लेकर निगम प्रशासन के ढुलमुल रवैये से नाराज 93 यूनियनों और संगठनों ने अब ‘आर-पार’ की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। ‘दिल्ली नगर निगम समस्त यूनियन कोर कमेटी’ के बैनर तले सोमवार से यह आंदोलन तेज हो गया है।

आज से शुरू हुई सांकेतिक भूख हड़ताल

यूनियन अध्यक्ष राजकुमार धींगान के नेतृत्व में सोमवार से निगम के कर्मचारी सांकेतिक भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। रणनीति के तहत रोजाना 24 कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठेंगे। दिल्ली के सभी 12 जोनों से दो-दो कर्मचारियों को इस हड़ताल में शामिल किया गया है ताकि आंदोलन को व्यापक और संगठित रूप दिया जा सके।

25 अप्रैल से ‘सम्पूर्ण काम बंद’ की चेतावनी

यूनियन ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि सोमवार से शुरू हुई इस भूख हड़ताल के बाद भी निगम प्रशासन उनकी जायज मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लेता है, तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। 25 अप्रैल से दिल्ली के सभी 12 जोनों में ‘सम्पूर्ण काम बंद’ हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है, जिससे राजधानी की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती है।

क्या हैं कर्मचारियों की मांगें?

यूनियनों का आरोप है कि प्रशासन लंबे समय से उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रहा है। इनमें कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, बकाया एरियर का भुगतान, खाली पड़े पदों पर भर्ती और कर्मचारियों की सुरक्षा व स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं में सुधार शामिल हैं। कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

राजधानी की सफाई पर मंडराया संकट

अगर 25 अप्रैल से ‘काम बंद’ हड़ताल शुरू होती है, तो दिल्ली की सड़कों पर कूड़े का अंबार लग सकता है। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच सफाई व्यवस्था ठप होने से महामारी का खतरा भी बढ़ सकता है। फिलहाल, निगम प्रशासन और यूनियन के बीच गतिरोध बरकरार है।

Also Read: UP Weather Update: यूपी में अब छूटेगा पसीना! 5 डिग्री तक बढ़ेगा पारा, प्रयागराज और वाराणसी सबसे गर्म, लू चलने का अलर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button