Meerut News: सीएम योगी ने कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा, कहा- हुड़दंगियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों का स्वागत करते हुए उन पर पुष्पवर्षा की। मुख्यमंत्री ने साफ संदेश दिया कि कांवड़ यात्रा के दौरान अनुशासन ही सर्वोपरि है, और हुड़दंग या तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मेरठ के मोदीपुरम स्थित शोभित यूनिवर्सिटी में उतरा। इसके बाद वे दुल्हेड़ा चौकी के पास बनाए गए विशेष मंच पर पहुंचे, जहां से उन्होंने हाईवे से गुजर रहे कांवड़ियों पर फूल बरसाए। इस दौरान उन्होंने कहा, “कांवड़ियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। लेकिन जो कानून हाथ में लेंगे, हुड़दंग मचाएंगे या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि पूरे यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, निवर्तमान दर्जा प्राप्त मंत्री पंडित सुनील भराला, कैंट विधायक अमित अग्रवाल समेत अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहे।
कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री की यह पहल श्रद्धालुओं में उत्साह का कारण बनी, वहीं सरकार की सख्त चेतावनी ने कानून व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश दिया।




