लखनऊ

Lucknow: एलडी कॉलोनी तोड़े जाने के नोटिस पर मचा हड़कंप, कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर शिव गोपाल मिश्रा को सौंपा गया ज्ञापन

उत्तर रेलवे की एल.डी. (रनिंग शेड कॉलोनी), आलमबाग, लखनऊ में रेलवे द्वारा आवासों को तोड़े जाने के नोटिस दिए जाने से कॉलोनी में रहने वाले रेलवे कर्मचारियों में भारी असंतोष और चिंता फैल गई है।

इस स्थिति को देखते हुए आज क्षेत्रीय पार्षद संध्या मिश्रा एवं गिरीश मिश्रा (जनसेवक, रामजीलाल सरदार पटेल नगर वार्ड) ने ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के महामंत्री, “रेल मसीहा” कामरेड शिव गोपाल मिश्रा से उनके आवास पर मुलाकात कर कॉलोनी और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कर्मचारियों की मांगों और चिंताओं को प्रमुखता से रखते हुए आग्रह किया गया कि उन्हें बेघर न किया जाए और किसी भी कार्रवाई से पहले उनका पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए।

 

कामरेड शिव गोपाल मिश्रा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि “न तो एल.डी. कॉलोनी टूटेगी और न ही किसी रेल कर्मचारी को आवास विहीन किया जाएगा।” उन्होंने आगे बताया कि कॉलोनी का पुनर्विकास करते हुए एक अत्याधुनिक मल्टीस्टोरी एल.डी. कॉलोनी का निर्माण किया जाएगा, जिसमें आवास के साथ-साथ मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स, आधुनिक सामुदायिक केंद्र एवं पार्क जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी।

महामंत्री मिश्रा ने यह भी स्पष्ट किया कि पहले कर्मचारियों को बेहतर आवास उपलब्ध कराए जाएंगे, तत्पश्चात ही पुरानी कॉलोनी को हटाया जाएगा।

इस आश्वासन से कॉलोनीवासियों में कुछ राहत की भावना देखी गई। भविष्य में कॉलोनी के विकास और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर उठाए जाने वाले कदमों पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button