पौधे वितरित कर पर्यावरण बचाने का दिया संदेश


नगीना (बिजनौर) (वि.)। पर्यावरण प्रेमी के नाम से विश्व प्रसिद्ध नगीना से डिप्टी कलेक्टर के पद से उपायुक्त आवास मुख्यालय लखनऊ की पदोन्नति प्राप्त करने पर डॉ. मांगेराम चौहान को नगीना में लगातार बधाई देने व सम्मानित करने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को हॉकी के खिलाड़ियों द्वारा भी उनको बधाई व सम्मान कार्यक्रम आयोजित कर स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस मौके पर उपायुक्त आवास मुख्यालय लखनऊ मांगेराम चौहान व नवागत उप जिलाधिकारी (नगीना) आशुतोष जायसवाल द्वारा संयुक्त रूप से खिलाड़ियों को लाल चंदन के पौधे वितरित कर पर्यावरण पौधारोपण के लिए प्रोत्साहित किया गया। मांगेराम चौहान द्वारा नगीना में खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए किए गए प्रयासों के लिए भी खिलाड़ियों द्वारा उनका आभार व्यक्त किया गया। साथ ही नवागत एसडीएम आशुतोष जायसवाल ने भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए भरपूर सहयोग करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर नगीना के कई लोगों को उनकी विभिन्न क्षेत्रों में की गई उपलब्धियों के लिए भी सम्मानित किया गया।
अपने सामाजिक सरोकारों के तहत पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनी मुहिम को आगे बढ़ाते हुए पर्यावरण प्रेमी उपायुक्त आवास मुख्यालय लखनऊ मांगेराम चौहान ने उपस्थित हाकी के खिलाड़ियों को लाल चंदन के पौधे वितरित कर पौधरोपण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उपस्थित लोगों से पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और साथ ही उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाकर अपने शहर को हराभरा बनाएं और पर्यावरण को बचाने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि दिन-प्रतिदिन प्रदूषित होते जा रहे पर्यावरण को पेड़-पौधे लगाकर काफी हद तक बचाया जा सकता है। गांवों में तो फिर भी पर्यावरण काफी हद तक ठीक है, लेकिन शहरों में जगह की किल्लत और विकास की आड़ में लगातार प्रदूषण बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों को पेड़ लगाकर इसे संतुलित करने के लिए आगे आना होगा।
उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर पेड़-पौधों को लगातार काटा जा रहा है। ऐसे में आगामी पीढ़ी को स्वच्छ हवा तक नसीब नहीं हो पाएगी। अपनी अगली पीढ़ी को स्वस्थ रखने के लिए लोगों को अभी से इस दिशा में जुटना पड़ेगा। घर पर, धार्मिक स्थानों पर, सार्वजनिक स्थलों पर, सड़क किनारे जहां भी जगह हो, वहां पौधे लगाएं और उनकी देखभाल के साथ ही पानी दें, ताकि वे ठीक से फल-फूल सकें।
इस मौके पर लोगों को शपथ दिलाई गई कि वे पौधों की देखभाल करेंगे और पानी के अभाव में सूखने नहीं देंगे। लोगों ने भी लोकप्रिय पर्यावरण प्रहरी मांगेराम चौहान की इस मुहिम में दिल से साथ देने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का वादा किया।
इस मौके पर डॉ. मांगेराम चौहान व एसडीएम आशुतोष जायसवाल के अलावा इंजीनियर एन के सिंह, डॉक्टर समरीन शाहिद, शीराज खलील, विनोद अग्रवाल, इफ्तिखार आलम, अरशद प्रिंस, राशिद जलील, जावेद सिद्दीकी, हसन जावेद, ज़ुबैर अहमद, असलम नसीम, डॉक्टर आदिल अलीम, अशोक कुमार, अफसर सिद्दीकी, अनीस अहमद, जगमीत सिंह, अमान शम्सी, उरूज शमसी, मोहम्मद तारिक, मोहम्मद दानियाल, शाहिद अली गौहर, सरदार अहमद, निर्मल जैन, इकबाल मेमोरियल जूनियर हाई स्कूल के छात्र आदि उपस्थित रहे।




