उत्तर प्रदेश

मिशन शक्ति 5.0: सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास की ओर बेटियों ने बढ़ाया कदम

Lucknow Focus News Desk: बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत, शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक अभूतपूर्व पहल की गई। शुक्रवार को प्रदेशभर के सभी परिषदीय विद्यालय और केजीबीवी (कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय) की लगभग 1.39 लाख बालिकाओं को उनके निकटतम पुलिस थानों का भ्रमण कराया गया।

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन तथा बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के नेतृत्व में 20 सितम्बर को प्रारंभ हुआ मिशन शक्ति 5.0 अभियान बालिकाओं को कानूनी प्रक्रियाओं की प्रत्यक्ष जानकारी देने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की दिशा में प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। यह भी ज्ञात हो कि नवरात्रि के इस अवसर पर मिशन शक्ति की यह पहल बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हुई है। यह कार्यक्रम उन्हें आज जागरूक नागरिक बनाने के साथ-साथ भविष्य में समाज की नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता रहेगा। ज्ञान और आत्मविश्वास से लैस ये बालिकाएँ कल के समाज की सक्षम नेतृत्वकर्ता बनकर देश के विकास में योगदान देने के लिए तैयार होंगी।

बालिकाओं को मिली थाना के कार्यों और कानूनी पहलुओं की विस्तृत जानकारी

भ्रमण के दौरान बालिकाओं को पुलिस अधिकारियों ने थाना के कार्यों और कानूनी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से जुड़े अनेक विषयों पर जानकारी दी गई। इनमें महिलाओं और बालिकाओं से संबंधित कानूनी अधिकार और सुरक्षा के लिए बनाए गए प्रावधान, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया (FIR) और पुलिस सहायता प्राप्त करने के तरीके, साइबर अपराधों से बचाव और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों (1090, 112, 1076) का प्रभावी उपयोग तथा थाने में महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली और उसकी उपयोगिता आदि शामिल रहे।

बालिकाओं का दिखा आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता का हुआ विकास

यह आयोजन सिर्फ कानूनी जानकारी तक सीमित नहीं रहा। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं के साथ संवाद स्थापित किया, उनके प्रश्नों का उत्तर दिया और उन्हें यह भरोसा दिलाया कि पुलिस हमेशा उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है। इस अनुभव ने बालिकाओं में सुरक्षा की भावना और आत्मविश्वास को मजबूत किया और उन्हें किसी भी विषम परिस्थिति का सामना निडरता से करने के लिए प्रेरित किया।

मिशन शक्ति 5.0 के तहत बालिकाओं को सुरक्षा, ज्ञान और आत्मविश्वास देना हमारा लक्ष्य है। यह पहल उन्हें निडर और आत्मनिर्भर बनाकर समाज में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए तैयार करने वाली है। ज्ञान और जागरूकता ही नारी शक्ति का वास्तविक आधार हैं।
मोनिका रानी, महानिदेशक स्कूल शिक्षा

Related Articles

Back to top button