उत्तर प्रदेश

भीषण आंधी-तूफान से यूपी में जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई जिलों में 19 से अधिक मौतें

Lucknow Focus News Desk: बुधवार की रात उत्तर प्रदेश में अचानक आए तेज़ तूफान और बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं कई इलाकों में भारी तबाही भी मचाई। तेज़ हवाओं, बिजली गिरने और पेड़ व खंभों के गिरने से कई लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, मेरठ, अलीगढ़, झांसी सहित कई जिलों में इस तूफान का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला।

मेरठ में भारी नुकसान

बुधवार शाम मेरठ में तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई। आंधी के कारण कई पेड़ और बड़े-बड़े होर्डिंग्स गिर गए। नौचंदी मेले में लगे झूले और अस्थाई दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। सौभाग्य से मेला अभी शुरू नहीं हुआ था, वरना नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। एक रिहायशी इलाके में तीन मंजिला इमारत की दीवार एक कच्चे मकान पर गिर गई, जिससे महिला और बच्ची घायल हो गईं। दौराला थाना क्षेत्र के रुहासा गांव में पेड़ गिरने से युवक की मौत हो गई।

पेड़ और ग्रिल गिरने से तीन की मौत

ग्रेटर नोएडा में दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। एनटीपीसी टाउनशिप में वॉक पर निकले एक शिक्षक रामकृष्ण पर पेड़ गिर गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, सूरजपुर थाना क्षेत्र की मिग्सन अल्टीमो सोसाइटी में 22वीं मंजिल से गिरी ग्रिल महिला सुनीता और उनके दो वर्षीय नाती पर आ गिरी, दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।

होर्डिंग गिरने से ड्राइवर की मौत

झांसी में तेज़ आंधी ने तबाही मचाई। आरपीएफ थाना के पास रेलवे का एक होर्डिंग टूटकर लोडर वाहन पर गिर गया, जिससे उस पर सो रहे ड्राइवर चरन सिंह की मौत हो गई। दो बाइकें भी दब गईं और पुलिस की बैरिकेडिंग भी गिर गई।

इमारत का हिस्सा गिरा, युवक की मौत

अलीगढ़ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में तेज़ आंधी के दौरान सड़क किनारे रुके मनीष शर्मा पर तीन मंजिला इमारत का ऊपरी हिस्सा गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मनीष समाजवादी पार्टी से जुड़े थे।

आकाशीय बिजली से दो की मौत

सहारनपुर जिले के देवबंद क्षेत्र में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हुई। कुरड़ी गांव में छत पर बैठे अंकित की मौत हो गई। खजूरी गांव में खेत में काम कर रहे अनिल की भी मौके पर जान चली गई। अनिल का भतीजा मोहित गंभीर रूप से घायल हुआ है।

आंधी-तूफान में दो की मौत, चार घायल

इटावा जिले में तेज़ आंधी और बारिश ने दो लोगों की जान ले ली। जसवंतनगर में 62 वर्षीय द्रोपदी और बसरेहर ब्लॉक में आठ वर्षीय सिद्धू की जान चली गई। टीन शेड और दीवार गिरने की घटनाओं में चार लोग घायल भी हुए।

ड्यूटी से लौटते हेड कांस्टेबल की मौत

बिजनौर के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र में ड्यूटी से लौट रहे हेड कांस्टेबल पुष्पेंद्र कुमार की तेज आंधी में पेड़ गिरने से मौत हो गई। वह बाइक से लौट रहे थे, जब उनकी बाइक सड़क पर गिरे पेड़ से टकरा गई।

मथुरा, हाथरस, कौशांबी में भी तबाही

मथुरा में तेज आंधी और हल्की बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। हालांकि, जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन कई जगह पेड़ गिर गए और बिजली आपूर्ति ठप हो गई। हाथरस में आंधी और बारिश के चलते 11,000 वोल्ट की लाइन के कई पोल गिर गए, जिससे कई इलाकों की बिजली चली गई और ट्रैफिक जाम लग गया। कौशांबी में भी पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और बिजली गुल हो गई।

Related Articles

Back to top button