आरोप: भुगतान के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष ने ईओ को बनाया बंधक, चेयरमैन का बेटा व भाई गिरफ्तार

फतेहाबाद/आगरा। अधिशासी अधिकारी फतेहाबाद डॉ. कल्पना बाजपेई द्वारा नगर पंचायत फतेहाबाद के अध्यक्ष आशा देवी चक, उनके भाई और बेटे पर ईओ को कमरे में बंधक बना कर बिना बिल के भुगतान कराने के लिए अभद्रता कर दबाव बनाया गया। इस मामले में अधिशासी अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष उनके भाई तथा पुत्र एवं चार अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा का मामला दर्ज कर नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे और भाई को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष ने आरोप निराधार बताए हैं।घटना के बाद से भाजपा के जिलाध्यक्ष समेत तमाम कार्यकर्ता थाने पहुंच गए हैं।
अधूरे कार्यों का पूरा हुए भुगतान करने को बनाने लगे दबाव
फतेहाबाद नगर पंचायत में तैनात ईओ कल्पना बाजपेई शुक्रवार दोपहर करीब 2ः00 बजे अपने ऑफिस में थी कि उनके कार्यालय के केबिन में चेयरमैन आशा देवी चक, अपने भाई मनीष और बेटे तरुण के साथ आई। चेयरमैन केबिन में आकर विकास कार्यों का बिना काम पूरा हुए भुगतान का दबाव बनाने लगी। मना करने पर उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। इसी बीच अधिशासी अधिकारी ने अपने मोबाइल से इस प्रकरण की वीडियो बनाना शुरू कर दिया जिस पर उन्होंने वीडियो को डिलीट करने का दबाव बनाया अधिशासी अधिकारी ने तत्काल इसकी सूचना आगरा में अपने उच्चाधिकारियों को दी तथा फतेहाबाद पुलिस को फोन कर दिया।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की जानकारी पर इंस्पेक्टर आलोक कुमार सिंह, तहसीलदार मनोज कुमार मौके पर पहुंचे तथा अधिशासी अधिकारी को थाने ले आए। इस बीच क्षेत्राधिकारी सौरव सिंह भी थाने पहुंच गए। अधिशासी अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष आशा देवी चक उनके पुत्र तरुण चक तथा भाई मनीष चक के खिलाफ अभद्रता करने सरकारी कार्य में बाधा डालने मोबाइल छीनने का प्रयास करने की तहरीर दी है। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मामले को लेेकर भाजपा जिला अध्यक्ष पहुंचे फतेहाबाद
अधिशासी अधिकारी तथा नगर पंचायत अध्यक्ष के बीच हुए विवाद के बाद थाने में 4 घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। नगर पंचायत अध्यक्ष पर मुकदमा लिखे जाने की जानकारी पर भाजपा के जिलाध्यक्ष गिरीराज सिंह कुशवाहा थाना फतेहाबाद पहुंचे तथा उन्होंने अधिकारियों से वार्ता की। वही मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष आशा देवी चक को भी बुलाया गया । जहां उन्होंने पुलिसकर्मियों पर अभद्रता का आरोप लगाया। बाद में जिला अध्यक्ष तथा नगर पंचायत अध्यक्ष वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आगरा से मिलने के लिए आगरा रवाना हो गए।
पुराने पेंडिंग बिल पास कराने की अपील की थीः आशा देवी
नगर पंचायत अध्यक्ष आशा देवी तक का कहना है कि उन्होंने अधिशासी अधिकारी से अपना कार्यकाल खत्म होने का हवाला देते हुए पुराने पेंडिंग बिल पास कराने की अपील की थी, इसके बाद थोड़ी हॉट टॉक हुई। उन्होंने इसका वीडियो बना दिया जिसको उन्होंने डिलीट करने को कहा था। अभद्रता का आरोप पूरी तरह निराधार है। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष के साथ थाना में मौजूद रहे।




