राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन: कांग्रेस का देशभर में प्रदर्शन, राहुल-सोनिया पर चार्जशीट के खिलाफ ईडी दफ्तरों का घेराव


नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दाखिल चार्जशीट में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी के नाम शामिल किए जाने के बाद देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। ईडी दफ्तरों के बाहर विरोध-प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार पर राजनीतिक द्वेष और एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
दिल्ली से लेकर मुंबई, कोलकाता, लखनऊ और भोपाल तक, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही ईडी कार्यालयों के बाहर जुटकर नारेबाज़ी शुरू कर दी। दिल्ली में सुरक्षा के मद्देनज़र भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और जगह-जगह बैरिकेडिंग कर दी गई है ताकि किसी भी प्रकार की हिंसा या अराजकता को रोका जा सके।
कांग्रेस का आरोप
पार्टी नेताओं का कहना है कि मोदी सरकार अपने राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए ईडी जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उनका कहना है कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी को जानबूझकर इस मामले में घसीटा जा रहा है, ताकि विपक्ष को कमजोर किया जा सके।
रॉबर्ट वाड्रा की पेशी
इसी बीच रॉबर्ट वाड्रा भी एक बार फिर ईडी कार्यालय पहुंचे, जहाँ उनसे हरियाणा लैंड स्कैम से जुड़े मामले में पूछताछ की जा रही है। ईडी कार्यालय में प्रवेश करने से पहले वाड्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैं कोई सॉफ्ट टारगेट नहीं हूँ। जितनी बार ये हमले होंगे, हम उतनी ही मजबूती से सामने आएंगे। जो मैं झेल रहा हूँ, उन्हें भी झेलना पड़ेगा।” सियासी पारा चढ़ा हुआ है और कांग्रेस के इस आंदोलन ने एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा संसद से लेकर सड़क तक और भी ज़ोर पकड़ सकता है।
Also Read: Lucknow: बाबा साहब को याद करते हुए डॉ. हाशमी बोले – शिक्षा के बिना सामाजिक और आर्थिक तरक्की अधूरी