उत्तर प्रदेश

बांके बिहारी मंदिर में नई पहल: श्रद्धालुओं को लंबी लाइन से मिलेगी मुक्ति, बाहर लगे स्क्रीन पर होंगे ठाकुरजी के दर्शन

Lucknow Focus News Desk: वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रबंधन कमेटी ने एक बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला लिया है। अब भक्तों को दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े होने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। मंदिर के बाहर बड़ी स्क्रीन पर ठाकुरजी के लाइव दर्शन की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, भक्तों को मोहनभोग प्रसाद भी वितरित किया जाएगा।

लाइव दर्शन और प्रसाद वितरण की योजना

हाईपावर्ड प्रबंध कमेटी की गुरुवार को आयोजित बैठक में यह नई व्यवस्थाएं लागू करने पर सहमति बनी। कमेटी ने मंदिर के अंदर से दर्शन की लाइव स्ट्रीमिंग की इजाजत दे दी है।

मंदिर के आसपास प्रमुख तिराहों और चौराहों पर बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि मंदिर के बाहर खड़े श्रद्धालु भी आसानी से अपने आराध्य के दर्शन कर सकें। श्रद्धालुओं में मोहनभोग प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा। प्रसाद बनाने, व्यय और वितरण की पूरी प्रक्रिया मंदिर के अन्य सेवायतों से विचार-विमर्श के बाद तय की जाएगी।

कमेटी अध्यक्ष अशोक कुमार के अनुसार, इस पूरी व्यवस्था को अगले दो माह में शुरू कर दिया जाएगा। कमेटी अध्यक्ष ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य भक्तों को सुगम और शांतिपूर्ण दर्शन का लाभ प्रदान करना है, भले ही वे मंदिर के अंदर प्रवेश न कर पाएं।

Related Articles

Back to top button