कैश की नो-टेंशन: अब चलती ट्रेन में ATM से निकालेगा पैसा, रेलवे ने शुरू की नई सर्विस

भारतीय रेलवे ने यात्री सुविधाओं में एक नई पहल शुरू की है, जिसके तहत अब ट्रेन में सफर करते समय भी यात्री बिना किसी परेशानी के एटीएम से पैसे निकाल सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य उन यात्रियों को राहत प्रदान करना है जो ट्रेनों में सफर करते समय कैश की समस्या से जूझते हैं।
वर्तमान में, यह सुविधा ट्रायल मोड पर शुरू की गई है और इसे पंचवटी एक्सप्रेस में लागू किया गया है। यह ट्रेन मुंबई से मनमाड के बीच चलती है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, एक निजी बैंक द्वारा उपलब्ध कराए गए एटीएम को इस ट्रेन के वातानुकूलित चेयर कार कोच के पिछले हिस्से में स्थापित किया गया है। पहले यह स्थान अस्थायी पेंट्री के रूप में उपयोग किया जाता था।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि एटीएम को कोच के पिछले हिस्से में इस तरह से लगाया गया है कि यात्रा के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की सुरक्षा या पहुंच की समस्या नहीं हो। सुरक्षा के लिहाज से एटीएम के पास शटर दरवाजा भी लगाया गया है, जिससे कि जब ट्रेन चल रही हो, तब एटीएम का उपयोग सुरक्षित तरीके से किया जा सके।
यह पहल यात्रियों को कैश की समस्या से निजात दिलाने के लिए की गई है, खासकर उन लोगों के लिए जो ट्रेन में चढ़ते वक्त पर्याप्त नकदी नहीं ले पाते। ट्रायल के सफल होने पर, इस सेवा को और भी ट्रेनों में लागू किया जाएगा, जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान और भी सुविधाएं मिल सकेंगी।
पंचवटी एक्सप्रेस मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से मनमाड जंक्शन के बीच चलती है। यह ट्रेन लगभग 4.35 घंटे में अपनी एकतरफा यात्रा पूरी करती है और दिनभर की इंटरसिटी यात्रा के लिए यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय है। अगर यह ट्रायल सफल रहता है, तो जल्द ही भारतीय रेलवे के अन्य मार्गों पर भी इस सेवा को विस्तार दिया जा सकता है।
Also Read: योगी सरकार के प्रयासों से बदल रही गन्ना किसानों की जिंदगी




