अब एक्टिंग के बाद सिंगिंग में भी आमिर खान का जलवा, कॉमेडी फिल्म में सुनाई देगी उनकी आवाज

Lucknow Focus News Desk: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान अब सिर्फ अभिनय तक सीमित नहीं रहेंगे। वे जल्द ही सिंगिंग की दुनिया में भी कदम रखने जा रहे हैं। खबर है कि आमिर खान एक अपकमिंग कॉमेडी फिल्म में दो गानों को खुद अपनी आवाज में गाएंगे। यह वही आमिर हैं जिन्होंने 1998 की फिल्म गुलाम में ‘आती क्या खंडाला’ गाना गाकर सबको चौंका दिया था। अब करीब 27 साल बाद वे फिर से माइक थामने जा रहे हैं – और इस बार मस्ती के लिए नहीं, बल्कि पूरी तैयारी के साथ।
आमिर खान बनेंगे सिंगर
हाल ही में बॉलीवुड हंगामा को दिए एक इंटरव्यू में आमिर ने खुद बताया कि वे एक अनटाइटल्ड कॉमेडी फिल्म में कैमियो के साथ-साथ दो गाने भी गाएंगे। आमिर ने कहा, “जब मैंने ‘आती क्या खंडाला’ गाया था, तब वो बस मस्ती के लिए था। लेकिन इस बार मैं गंभीरता से ट्रेनिंग ले रहा हूं। मैं पिछले कुछ सालों से एक प्रोफेशनल सिंगर बनने की कोशिश कर रहा हूं।”
वे इन गानों की ट्रेनिंग मशहूर लोक गायिका सुचेता भट्टाचार्जी से ले रहे हैं। आमिर ने कहा, “मैं इस फिल्म में जरूरी कैमियो रोल निभा रहा हूं और दो गाने भी गा रहा हूं। मेरी गुरू सुचेता भट्टाचार्जी हैं, जो मेरी सिंगिंग को निखार रही हैं।”
किस तरह की फिल्म होगी?
आमिर ने बताया कि यह फिल्म बासु चटर्जी और ऋषिकेश मुखर्जी की क्लासिक फिल्मों से प्रेरित है – यानी सीधी-सादी, दिल को छू जाने वाली कॉमेडी। ना कोई जबरदस्त एक्शन, ना भारी ड्रामा – बस एक प्यारी सी कहानी जो आपको मुस्कराहट देगी।
आमिर ने कहा कि हम उस तरह की फिल्में आज बनाना भूल गए हैं। इस फिल्म को देखकर लोगों को अच्छा महसूस होगा, बिना किसी भारी-भरकम ट्विस्ट या ट्रेजेडी के।
आमिर के आने वाले प्रोजेक्ट्स
आमिर खान इन दिनों एक नहीं, बल्कि कई बड़े प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं:
रजनीकांत की फिल्म ‘कूली’ में कैमियो रोल
राजकुमार हिरानी के साथ दादासाहेब फाल्के की बायोपिक
लोकेश कनगराज के साथ एक सुपरहीरो-थीम पर फिल्म



