बिजनेस

अब म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में भी उतरेंगे मुकेश अंबानी, Jio और BlackRock को SEBI से मिली हरी झंडी

Lucknow Focus News Desk: भारत के सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी अब म्यूचुअल फंड की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। उनकी कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (Jio Financial Services) और ग्लोबल इन्वेस्टमेंट कंपनी ब्लैकरॉक (BlackRock) को SEBI से म्यूचुअल फंड कारोबार शुरू करने की अंतिम मंजूरी मिल गई है।

इस साझेदारी के तहत दोनों कंपनियां जल्द ही अपना पहला म्यूचुअल फंड लॉन्च करेंगी। इस कदम का असर जियो फाइनेंशियल के शेयरों पर भी देखा जा रहा है, जो खबर के बाद हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं।

SEBI से मिला रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट

SEBI ने 26 मई 2025 को जियो-ब्लैकरॉक म्यूचुअल फंड को आधिकारिक रूप से रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जारी किया। इसके साथ ही, Jio BlackRock Asset Management Pvt. Ltd. को एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) के तौर पर काम करने की भी अनुमति दे दी गई है।

दोनों कंपनियों के बीच यह साझेदारी जुलाई 2023 में हुई थी और अक्टूबर 2024 में इसे इन-प्रिंसिपल अप्रूवल मिल गया था। उसके बाद दो कंपनियां Jio BlackRock AMC और Jio BlackRock Trustee Pvt. Ltd. बनाई गई थीं।

भारत की म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में नया मोड़
देश की म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री लगातार तेजी से बढ़ रही है। वित्त वर्ष 2024-25 में इसका कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) बढ़कर 65.74 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो पिछले साल मार्च में 53.40 लाख करोड़ रुपये था यानी करीब 23% की बढ़ोतरी। इस समय देश में कुल 23.45 करोड़ फोलियो हैं, जिनमें 5.67 करोड़ यूनिक निवेशक और 1.38 करोड़ महिला निवेशक शामिल हैं।

SIP (Systematic Investment Plan) स्कीम्स ने भी जबरदस्त प्रदर्शन किया है। सालाना निवेश बढ़कर 2.89 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है जो कि 45% की उछाल है। SIP से जुड़ा AUM अब कुल इंडस्ट्री AUM का 20% हो गया है।

अन्य स्कीम्स की बात करें तो:

इक्विटी स्कीम्स में 33.4% की बढ़त
हाइब्रिड स्कीम्स में 16% की ग्रोथ
इंडेक्स फंड और ETF में 48.3% की तेजी
जबकि डेट स्कीम्स में 3% की गिरावट देखी गई

निवेशकों को मिलेंगे और विकल्प

अंबानी और ब्लैकरॉक की इस जॉइंट वेंचर से म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों को और अधिक विकल्प मिलेंगे। साथ ही, तकनीक-आधारित निवेश प्लेटफॉर्म्स को भी मजबूती मिलेगी। इस साझेदारी से इंडस्ट्री में प्रतिस्पर्धा और भी तेज़ हो सकती है।

प्रेस रिलीज के अनुसार, ब्लैकरॉक की ओर से सिड स्वामीनाथन को प्रबंध निदेशक और सीईओ नियुक्त किया गया है। ब्लैकरॉक फिलहाल वैश्विक स्तर पर 11.58 ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति का प्रबंधन कर रहा है (31 मार्च 2025 तक)।

शेयर बाजार में दिखा असर

SEBI की मंजूरी के बाद जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयरों में तेजी देखी गई। बुधवार को शुरुआती कारोबार के दौरान यह स्टॉक लगभग 2% की बढ़त के साथ ₹299.25 पर ट्रेड करता नजर आया। कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन (MCap) अब 1.87 लाख करोड़ रुपये हो गया है।

Related Articles

Back to top button