बिजनेस

अब घर बैठे खुल जाएगा सुकन्या समृद्धि योजना खाता, PNB ONE ऐप से करें सिर्फ कुछ क्लिक में शुरूआत

Lucknow Focus News Desk: अब बच्चियों के बेहतर भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) में खाता खोलने के लिए आपको बैंक या पोस्ट ऑफिस के चक्कर काटने की ज़रूरत नहीं है। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने अपने ग्राहकों को बड़ी सुविधा देते हुए मोबाइल बैंकिंग ऐप PNB ONE के ज़रिए ऑनलाइन सुकन्या समृद्धि योजना खाता खोलने की सुविधा शुरू कर दी है।

इस नई पहल से अब आप घर बैठे कुछ ही मिनटों में SSY खाता खोल सकते हैं। न कोई लंबी लाइन, न कोई कागजी झंझट। इस डिजिटल सुविधा से योजना को अपनाना अब और भी आसान हो गया है और इसका सीधा लाभ बेटियों के भविष्य की आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा हुआ है।

क्या है सुकन्या समृद्धि योजना (SSY)?

सुकन्या समृद्धि योजना भारत सरकार की एक लोकप्रिय छोटी बचत योजना है, जो खासतौर पर 10 साल से कम उम्र की बेटियों के नाम पर खाता खोलने की सुविधा देती है। इसका मकसद बेटियों की उच्च शिक्षा और विवाह के लिए फाइनेंशियल बैकअप तैयार करना है।

इस योजना में:

  • सालाना न्यूनतम ₹250 और अधिकतम ₹1.5 लाख तक जमा किए जा सकते हैं।
  • इस पर 8.2% तक का ब्याज मिलता है, जो अन्य बचत योजनाओं से कहीं अधिक है।
  • आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत टैक्स में छूट भी मिलती है।
  • खाते की मैच्योरिटी 21 साल में होती है, लेकिन 18 साल के बाद आंशिक निकासी की सुविधा है।
  • अब ऑनलाइन कैसे खोलें SSY खाता? (PNB ONE ऐप से स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया)
  • सबसे पहले अपने मोबाइल में PNB ONE ऐप खोलें।
  • मुख्य मेन्यू में जाएं और ‘Services’ पर क्लिक करें।
  • इसके बाद ‘Govt Initiative’ विकल्प चुनें।
  • अब ‘Sukanya Samriddhi Account Opening’ पर क्लिक करें।
  • स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ते हुए आगे की प्रक्रिया पूरी करें।
  • कुछ ही क्लिक में आपका SSY खाता तैयार हो जाएगा।

डिजिटल ओपनिंग के बाद भी कुछ काम ऑफलाइन

हालांकि अब खाता खोलना पूरी तरह डिजिटल हो गया है, लेकिन यदि आप आंशिक निकासी, खाता बंद करने या समय से पहले बंद करने की सोच रहे हैं, तो इसके लिए आपको बैंक की ब्रांच में जाना होगा।

महिला सशक्तिकरण की ओर एक और मजबूत कदम

PNB की इस पहल से न केवल योजना को अपनाना आसान हुआ है, बल्कि यह ग्रामीण और शहरी इलाकों में महिला सशक्तिकरण को भी मजबूती देने वाला कदम है। अब ज्यादा से ज्यादा लोग बेटियों के नाम पर यह खाता खोल सकेंगे और उन्हें आत्मनिर्भर भविष्य की ओर बढ़ा सकेंगे।

Also Read: SBI क्रेडिट कार्ड यूजर्स ध्यान दें! 15 जुलाई से बदल रहे हैं ये दो बड़े नियम, जानिए पूरी डिटेल

Related Articles

Back to top button