देश

अब भाजपा के हार्दिक: गुजरात में पाटीदारों को साधने व लुभाने की कोशिश

 

नई दिल्ली। कुछ दिनों पहले कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए हार्दिक पटेल को भाजपा ने विरामगाम विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है। गुजरात की राजनीति में 29 साल की उम्र में ही हर्दिक ने पटेल आंदोलन के दम पर एक दमदार पहचान बनायी है, यही कारण है कि कांग्रेस हो या भाजपा उसे नजरअंदाज नहीं कर सकी हैं। पहले कांग्रेस ने फिर अब भाजपा ने हार्दिक के ऊपर विश्वास जताया है। भाजपा हार्दिक पटेल के असरदार छवि को भुनाने की भी कोशिश कर रही है। यही कारण है कि भाजपा ने हार्दिक को उस सीट से प्रत्याशी बनाया है जहां से पार्टी पिछले दो चुनावों से पराजय का सामना कर रही है। निःसंदेह हम यह कह सकते हैं कि केशुभाई पटेल के बाद एक मजबूत पाटीदार नेता की कमी को पूरा करने के लिए भाजपा हार्दिक पटेल को साध रही है। वैसे भी पाटीदार पिछले 3 दशक से बीजेपी के कोर वोटर माने जाते हैं तथा हार्दिक पटेल पाटीदार समाज से ही आते हैं।

पाटीदार युवाओं के हार्दिक यूथ आइकन

गुजरात में पटेल आंदोलन के दौरान हार्दिक पाटीदार युवाओं के यूथ आइकन के तौर पर उभरे थे। कम उम्र के बावजूद हार्दिक की दमदार छवि का ही यह असर रहा कि कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया था। विगत विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के समर्थन में हार्दिक ने कई सभाएं भी की थी और बड़े-बड़े रोड शो कर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल भी बनाया था। परिणाम स्वरूप कांग्रेस ने पिछले चुनाव में भाजपा को 100 के अंदर रोक दिया था।

पाटीदार आंदोलन के चेहरे हार्दिक हैं उपयोगी
अब वर्तमान में गुजरात में होने वाले चुनाव में भी भाजपा ने हार्दिक को अपने पाले में लाकर कांग्रेस की हवा निकालने का प्रयास किया है लेकिन अबकी बार आम आदमी पार्टी के साथ ही कांग्रेस भी कड़ी चुनौती पेश करने का प्रयास कर रही है। हालांकि इस बार के चुनाव में कांग्रेस से ज्यादा आप सुर्खियां बटोर रही है। हार्दिक पटेल के नेतृत्व वाली पाटीदार आंदोलन के ही कभी चेहरे आप नेता गोपाल इटालिया रह चुके हैं। हार्दिक के साथ मिलकर वर्ष 2015 में गोपाल भी आंदोलन में शामिल रहे थे।बहरहाल, पाटीदार आंदोलन के चेहरे के तौर पर भी हार्दिक भाजपा के लिए राजनीतिक संजीवनी बन सकते हैं और भाजपा भी हार्दिक से यही आस लगायी हुई है।

फोटो साभार: सोशल मीडिया

Related Articles

Back to top button