लखनऊ

बच्चे करें गुरु और बड़ों का सम्मान : मनोज गर्ग


MARCH 8, 2021
शिक्षिका किरण यादव, प्रतिमा जायसवाल को मिला “मिशन शक्ति सम्मान”
महामाया राजकीय महाविद्यालय महोना में वार्षिकोत्सव व एवं सम्मान समारोह आयोजित
लखनऊ फोकस ब्यूरो
लखनऊ (Lucknow News, Education News)। महामाया राजकीय महाविद्यालय, महोना में सोमवार को वार्षिकोत्सव एवं “मिशन शक्ति सम्मान” (Mission Shakti Award) समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि हिंदुस्तान एअरोनॉटिक्स, लखनऊ के अपर महाप्रबंधक मनोज गर्ग ने कहा कि विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन करना चाहिए। उन्हें गुरु और बड़ों का आदर करना चाहिए। माता-पिता को चाहिए कि वे अपने बच्चों को ऐसे संस्कार बचपन से ही दें। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य करने वाली शिक्षिका किरण यादव (सरस्वती बाल विद्यालय, बरावन कला) तथा प्रतिमा जायसवाल (गोयनका पब्लिक स्कूल) को “मिशन शक्ति सम्मान” (Mission Shakti Award) से सम्मानित किया गया।
वार्षिकोत्सव में कॉलेज की प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कला संकाय में सुधा यादव, फरजाना, विज्ञान संकाय की सपना, अंशिका रावत, वाणिज्य संकाय में मानवी निगम, संगीत वर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने कवि सम्मलेन, गीत, नृत्य आदि की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि लखनऊ विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. योगेंद्र प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन बच्चों में अपार संभावनाएं हैं। यही बच्चे कल के भविष्य हैं।
विशिष्ट अतिथि नीता सिंह ने कहा कि हिम्मत से सभी मुश्किलें आसान हो जाती हैं। जिसने हिम्मत नहीं हारी वह दुनिया की बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना कर सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. भारती सिंह ने की। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट करके किया।
हिंदुस्तान एअरोनॉटिक्स लिमिटेड, लखनऊ ने इस महाविद्यालय को सात अत्याधुनिक स्मार्ट क्लास, कम्प्यूटर लैब, वाटर कूलर प्रदान किया है ताकि विद्यार्थियों की शहर के महाविद्यालय जैसी अध्ययन की सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम का संचालन कॉलेज की वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. सुरंगमा यादव द्वारा किया गया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. के. के. सिंह ने किया। यह जानकारी कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. जीतेंद्र यादव ने दी।
Education News, Lucknow News, Mission Shakti Award

Related Articles

Back to top button