बाल दिवस पर बच्चों का जलवा: बाराबंकी के चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल में बाल मेला आयोजित, छात्रों ने लगाई पकवानों की दुकानें

Lucknow Focus News Desk: विकासखंड बनीकोडर के ग्राम छंदवल में बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा संचालित चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल में शुक्रवार को बाल दिवस के अवसर पर एक अनूठे बाल मेला का आयोजन किया गया। इस मेले में छात्र-छात्राओं ने केवल मनोरंजन ही नहीं किया, बल्कि विक्रेता और क्रेता बनकर क्रय-विक्रय का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त किया।

बाल मेला: कौशल और मनोरंजन
स्कूल प्रांगण में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपने हाथों से बनाई गई विभिन्न प्रकार की खाने-पीने की चीजों की दुकानें लगाईं। समोसा, गुझिया, भेलपुरी, पेठा, जलेबी, नमकपारा, मसाला चना, पकौड़ी, चिप्स, बिस्किट, टॉफी आदि।
बच्चों ने अपनी दुकानों को हस्तनिर्मित क्राफ्ट से सजाकर आकर्षक बनाया। स्कूल के स्टाफ, प्रधानाचार्य विनोद कुमार और गांववासियों ने भी बच्चों की दुकानों से सामान खरीदा, जिससे बच्चों की क्रय-विक्रय दक्षता का मूल्यांकन किया गया।
बच्चों के मनोरंजन के लिए छल्ला गेम और अन्य खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। नर्सरी और केजी के बच्चों के लिए विशेष रूप से जलेबी प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें विजेता छात्रा रिया को पुरस्कृत किया गया।
व्यावहारिक शिक्षा: लाभ-हानि का पाठ
मेला समाप्त होने पर, शिक्षक स्टाफ ने प्रत्येक विक्रेता छात्र-छात्रा से लाभ और हानि की जानकारी ली और उन्हें यह बताया गया कि उन्हें कितने प्रतिशत का मुनाफा या हानि हुई। इस तरह बच्चों को व्यापार और गणित के व्यावहारिक सिद्धांतों की जानकारी दी गई।
चाचा नेहरू को याद किया गया
बाल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित गोष्ठी में प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बाल दिवस स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है, जिन्हें बच्चे प्यार से चाचा नेहरू कहते थे।




