देश

स्वतंत्रता दिवस पर PM मोदी के बड़े ऐलान, पाकिस्तान को चेतावनी, GST में कटौती और…

Lucknow Focus News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, शुक्रवार, 15 अगस्त, 2025 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से कई बड़ी घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि भारत न्यूक्लियर धमकियों से डरने वाला नहीं है। पीएम मोदी ने 103 मिनट तक देश को संबोधित कर अपने अब तक के सबसे लंबे भाषण का रिकॉर्ड भी बनाया।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ का ऐलान और पाकिस्तान को चेतावनी

प्रधानमंत्री ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र किया, जिसमें आतंकियों ने धर्म पूछकर बेगुनाह लोगों की हत्या की थी। इस घटना पर देश के आक्रोश को व्यक्त करते हुए उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का ऐलान किया। पीएम मोदी ने कहा कि इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सैनिकों ने दुश्मन की धरती में सैकड़ों किलोमीटर अंदर घुसकर आतंकी हेडक्वार्टर को मिट्टी में मिला दिया और इमारतों को खंडहर बना दिया। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि भारत उसकी परमाणु धमकियों से डरने वाला नहीं है।

आम लोगों को दिवाली पर मिलेगा GST का तोहफा

पीएम मोदी ने गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) में बड़े बदलावों का संकेत देते हुए कहा, “इस दिवाली मैं आपके लिए डबल दिवाली मनाने जा रहा हूं। आम घरेलू वस्तुओं पर जीएसटी में भारी कटौती होगी।” उन्होंने कहा कि सरकार आम नागरिकों पर टैक्स का बोझ कम करने के उद्देश्य से एक नई पीढ़ी का जीएसटी सुधार तैयार कर रही है।

युवाओं के लिए 1 लाख करोड़ की रोजगार योजना

प्रधानमंत्री ने युवाओं के लिए एक नई योजना की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि आज से देश में ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ 1 लाख करोड़ रुपए के पैकेज के साथ लागू हो रही है। इस योजना के तहत, निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को सरकार की ओर से ₹15,000 दिए जाएंगे।

पीएम मोदी का सबसे लंबा भाषण

इस बार प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले से 103 मिनट का भाषण दिया, जो उनके पिछले सभी भाषणों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इससे पहले उन्होंने 2024 में 98 मिनट का और 2023 में 90 मिनट का संबोधन दिया था। उनका सबसे छोटा भाषण 2017 में 56 मिनट का था।

Also Read: स्वतंत्रता दिवस पर यूपी पुलिस के 17 पुलिसकर्मियों को मिला राष्ट्रपति वीरता पदक

Related Articles

Back to top button