उत्तर प्रदेश

‘आपदाओं से धरती को बचा सकते हैं सिर्फ पेड़-पौधे’, बाराबंकी में पौधरोपण पर बोले डॉ. विवेक वर्मा

Lucknow Focus News Desk: बाराबंकी में ‘पांच पेड़ पुरखों के नाम’ अभियान के तहत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, प्रसिद्ध नेत्र सर्जन और भाजपा नेता डॉ. विवेक वर्मा ने कहा कि दुनिया में कोई भी वैज्ञानिक ऐसा नहीं है जो मौसम और ऋतुओं को ठीक कर सके या सूखा और बाढ़ जैसी आपदाओं को रोक सके। यह काम सिर्फ और सिर्फ पेड़-पौधे ही कर सकते हैं। उन्होंने धरती को इन आपदाओं से बचाने के लिए ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने पर जोर दिया।

सभी ने लिया ‘पांच पौधे लगाने’ का संकल्प

डॉ. वर्मा ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को कम से कम पांच पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया। योगाचार्य डॉ. शशि कुमार अवस्थी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की और अपनी कविताओं के जरिए लोगों को प्रकृति से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

‘बिरजू संस्थान’ के अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने सभी प्रतिभागियों को पौधे भेंट किए, जिनमें सेमल, अगस्त, अमरूद, नींबू, सागौन, कटहल और शीशम जैसे कई तरह के पौधे शामिल थे। उन्होंने लोगों को इन पौधों को लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प भी दिलाया।

इस मौके पर योगाश्रम के रामानन्द वर्मा, सुशील कुमार, प्रवीण कुमार, संतोष चौधरी और अन्य कई गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार रखे। इस गोष्ठी और पौधरोपण कार्यक्रम में करीब 50 से ज्यादा योगाभ्यासी और अन्य लोग शामिल हुए।

Also Read: सीएम योगी ने औरैया में बाढ़ पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री, बोले- सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है

Related Articles

Back to top button