uncategorized

Operation Sindoor: भारत ने आकाश मिसाइल से नाकाम किया पाक का हमला, रक्षा मंत्रालय का बड़ा बयान

Lucknow Focus News Desk: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच एक और बड़ा खुलासा हुआ है। गुरुवार रात पाकिस्तान की ओर से किए गए सैन्य हमले को भारत ने पूरी तरह से नाकाम कर दिया है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, भारत ने इस हमले को अपने स्वदेशी ‘आकाश’ सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली की मदद से नाकाम किया।

यह हमला रात 8 से 10 बजे के बीच जम्मू, पठानकोट, फिरोजपुर, कपूरथला, जालंधर और जैसलमेर जैसे महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किया गया था। पाकिस्तानी सेना ने हमले के लिए लड़ाकू विमान, ड्रोन, रॉकेट और मिसाइलों का सहारा लिया, लेकिन भारतीय सेना और वायुसेना की सतर्कता और तकनीकी क्षमता के चलते उनका कोई भी प्रयास सफल नहीं हो पाया।

रडार सिस्टम भी हुआ तबाह, जवाबी कार्रवाई में भारत का पलटवार

भारत ने केवल हमले को नाकाम ही नहीं किया बल्कि जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के रडार सिस्टम को भी ध्वस्त कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय वायुसेना की ओर से सीमावर्ती इलाकों में तैनात किए गए एडवांस एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी पाकिस्तानी मिसाइलों और ड्रोनों को इंटरसेप्ट किया और उन्हें लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही मार गिराया।

ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाया पाकिस्तान

इस पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में भारत द्वारा चलाया गया ‘ऑपरेशन सिंदूर’ है, जिसमें भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान अधिकृत क्षेत्र में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। इस ऑपरेशन में बड़ी संख्या में आतंकियों के मारे जाने की खबर है। इसके बाद से ही पाकिस्तान ने बदले की भावना से भारत पर हमलों की योजना बनानी शुरू कर दी थी।

चीन ने की संयम बरतने की अपील

इस पूरे घटनाक्रम पर चीन की ओर से भी बयान आया है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा कि भारत और पाकिस्तान दोनों ही चीन के पड़ोसी हैं। हम मौजूदा घटनाक्रमों से चिंतित हैं। चीन हर प्रकार के आतंकवाद का विरोध करता है और सभी पक्षों से संयम बरतने, शांति बनाए रखने और अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करने का आग्रह करता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चीन इस तनाव को कम करने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।

स्थिति गंभीर, लेकिन भारत सतर्क

भारत-पाकिस्तान सीमा पर हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं, लेकिन भारतीय सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। रक्षा अधिकारियों का कहना है कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सीमावर्ती क्षेत्रों में सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button