ओवरईटिंग से हो सकती हैं ये 5 खतरनाक बीमारियां, जानिए कैसे करें बचाव

स्वाद, भावनाएं और सामाजिक मौकों के चलते हम सभी कभी न कभी जरूरत से ज्यादा खा ही लेते हैं। त्योहारों, पार्टियों या फिर तनाव की स्थिति में ओवरईटिंग आम हो जाती है। लेकिन बार-बार ऐसा करना शरीर के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। लगातार अधिक खाने की आदत न सिर्फ वजन बढ़ाती है, बल्कि यह कई गंभीर बीमारियों को भी जन्म देती है। आइए जानते हैं कि ओवरईटिंग किन स्वास्थ्य समस्याओं की वजह बन सकती है और उनसे कैसे बचा जा सकता है।
मोटापा (Obesity)
ओवरईटिंग का सबसे पहला और सीधा असर शरीर के वजन पर पड़ता है। जब शरीर को आवश्यकता से अधिक कैलोरी मिलती है, तो वह अतिरिक्त ऊर्जा को फैट के रूप में जमा करने लगता है, जो पेट, कमर और जांघों जैसे हिस्सों में दिखाई देता है। मोटापा आगे चलकर हाई ब्लड प्रेशर, हृदय रोग और डायबिटीज जैसी बीमारियों की वजह बन सकता है।
कैसे करें बचाव?
- खाने से पहले एक गिलास पानी पिएं
- छोटी प्लेट में खाना लें
- धीरे-धीरे और अच्छे से चबाकर खाएं
टाइप 2 डायबिटीज
अत्यधिक मीठा, तली-भुनी और प्रोसेस्ड चीज़ें खाने से शरीर का इंसुलिन नियंत्रण बिगड़ता है, जिससे ब्लड शुगर लेवल अनियमित हो जाता है और आगे चलकर टाइप 2 डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है।
कैसे करें बचाव?
- भोजन में फाइबर और प्रोटीन को शामिल करें
- मीठा और जंक फूड कम करें
- रोजाना हल्की फिजिकल एक्टिविटी जरूर करें
दिल की बीमारियां (Heart Disease)
जब हम जरूरत से ज्यादा खाते हैं, खासकर सैचुरेटेड फैट्स और ट्रांस फैट्स, तो शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) बढ़ जाता है और गुड कोलेस्ट्रॉल (HDL) घटता है। इससे धमनियों में ब्लॉकेज की आशंका बढ़ती है और दिल का दौरा पड़ने का खतरा रहता है।
कैसे करें बचाव?
- लो-फैट और संतुलित आहार लें
- नमक और फास्ट फूड से दूरी बनाएं
- नियमित वॉक या व्यायाम करें
फैटी लिवर डिजीज
लगातार ओवरईटिंग शरीर में अनावश्यक वसा बढ़ा देती है, जो समय के साथ लीवर में जमा होने लगती है। इससे लीवर की कार्यक्षमता प्रभावित होती है और वह सुचारु रूप से काम नहीं कर पाता।
कैसे करें बचाव?
- हेल्दी फैट जैसे ड्राय फ्रूट्स, ओमेगा-3 युक्त खाद्य पदार्थ लें
- अत्यधिक तेल और एल्कोहॉल से परहेज करें
थकान और डिप्रेशन
लगातार ज्यादा खाना शरीर को भारी महसूस कराता है और एनर्जी लेवल को गिराता है। इसके अलावा ब्लड शुगर में तेजी से उतार-चढ़ाव मूड स्विंग्स और डिप्रेशन जैसी मानसिक समस्याएं पैदा कर सकते हैं।
कैसे करें बचाव?
- पर्याप्त नींद (7–8 घंटे) लें
- ध्यान और योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें
तनाव में खाने की बजाय कोई हॉबी अपनाएं
खाने में संयम और जागरूकता केवल शरीर को स्वस्थ रखने के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के लिए भी जरूरी है। ओवरईटिंग एक आदत है जिसे बदला जा सकता है, बस ज़रूरत है थोड़ा ध्यान देने की।




