देश

Pahalgam Terror Attack: 26 पर्यटकों की मौत,  NSA-CDS और रक्षा मंत्री कर रहे हाई-लेवल मीटिंग

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में मंगलवार को हुए एक भीषण आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस वर्दी में आए आतंकवादियों ने बैसरन घाटी में पर्यटकों पर अंधाधुंध फायरिंग की। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

अधिकारियों के अनुसार, दुर्गम क्षेत्र होने के कारण घटनास्थल पर केवल पैदल या खच्चरों से ही पहुंचा जा सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने पर्यटकों को नजदीक से निशाना बनाया। स्थानीय लोगों ने घायल पर्यटकों को खच्चरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। पहलगाम अस्पताल के एक चिकित्सक ने बताया कि 12 घायल पर्यटकों को भर्ती कराया गया है, जिनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे पहलगाम, दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठक

हमले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तत्काल पहलगाम पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उनके साथ जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी मौजूद रहे। वहीं, दिल्ली में इस आतंकी हमले को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक चल रही है, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) अनिल चौहान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोवाल शामिल हैं।

पीएम मोदी ने दौरा बीच में छोड़ा

इस भयावह हमले के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब का अपना दौरा बीच में ही छोड़कर तत्काल भारत वापस लौट आए हैं। यह घटना देश की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है। इस आतंकी हमले ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है और मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन और सुरक्षा बल इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं और आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button