uncategorized

Pahalgam Terror Attack: भारत के सख्त रुख से घबराया पाकिस्तान, सर्जिकल स्ट्राइक जैसे कदम की चेतावनी

जम्मू-कश्मीर के पहल्गाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद पूरे देश में आक्रोश की लहर है। मंगलवार, 22 अप्रैल को पर्यटकों पर हुए इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई, जिनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। इस दर्दनाक घटना में 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सहयोगी द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है। जवाबी कार्रवाई में अब तक दो आतंकियों को मार गिराया गया है, जबकि सेना द्वारा बेसारन क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान जारी है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने श्रीनगर पहुंचकर पुलिस कंट्रोल रूम में पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। वहीं, जम्मू में भाजपा नेताओं और विभिन्न हिंदू संगठनों ने आतंकवादी हमले के विरोध में प्रदर्शन किया।

पाकिस्तान में हड़कंप, बुलाई गई इमरजेंसी बैठक

भारत की ओर से लिए गए कड़े फैसलों के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने नेशनल सिक्योरिटी कमिटी (NSC) की आपात बैठक बुलाई है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने भारत से आग्रह किया है कि सर्जिकल स्ट्राइक जैसा कोई कदम न उठाया जाए।

भाजपा नेता रविंदर रैना ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमिटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा सबसे महत्वपूर्ण फैसला सिंधु जल संधि पर पुनर्विचार का है। पाकिस्तान कश्मीर में खून बहाए और भारत से पानी ले यह अब स्वीकार नहीं होगा।

रैना ने यह भी बताया कि भारत सरकार ने SAARC वीजा छूट योजना के अंतर्गत पाकिस्तानी नागरिकों को वीजा नहीं देने का निर्णय लिया है। साथ ही, भारत में मौजूद पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है।

Related Articles

Back to top button